नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर राज्य के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री विजय ने वित्त मंत्रालय कार्यालय पहुंचकर उनसे शिष्टाचार भेंट की और तमिलनाडु के बुनियादी ढांचे, शिक्षा, परिवहन और उद्योग से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए केंद्र से सहयोग मांगा।
![]()
नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर राज्य के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री विजय ने वित्त मंत्रालय कार्यालय पहुंचकर उनसे शिष्टाचार भेंट की और तमिलनाडु के बुनियादी ढांचे, शिक्षा, परिवहन और उद्योग से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए केंद्र से सहयोग मांगा।
बैठक के दौरान सीएम विजय ने कहा कि तमिलनाडु तेजी से विकसित होने वाला राज्य बन रहा है और इस विकास की रफ्तार को बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से बंदरगाह, हाईवे, रेलवे परियोजनाओं और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर जैसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के लिए प्राथमिकता के आधार पर फंड जारी करने की मांग की।
मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु की मजबूत शिक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए राज्य में 'इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इम्पॉर्टेंस' स्थापित करने की भी मांग रखी। इसके अलावा उन्होंने होसुर, कोयंबटूर और मदुरै जैसे औद्योगिक और आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण शहरों में मेट्रो रेल परियोजनाओं के लिए जरूरी फंड जारी करने का अनुरोध किया, ताकि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
वित्त मंत्री कार्यालय की ओर से भी इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा की गई। पोस्ट में लिखा गया कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की।
इससे पहले मुख्यमंत्री विजय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की। उस बैठक में भी उन्होंने तमिलनाडु से जुड़े कई संवेदनशील और महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
सीएम विजय ने प्रधानमंत्री को नीदरलैंड यात्रा के दौरान आनाई मंगालम कॉपर प्लेट्स को वापस भारत लाने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह तमिल संस्कृति और इतिहास के लिए बेहद महत्वपूर्ण कदम है।
बैठक में विजय ने 'तमिल थाई वाझ्थु' यानी तमिलनाडु के राज्य आह्वान गीत का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि परंपरागत रूप से तमिलनाडु में सभी सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत इसी गीत से होती रही है, लेकिन इस साल जनवरी में गृह मंत्रालय द्वारा जारी एक सर्कुलर के बाद कुछ कार्यक्रमों में पहले राष्ट्रगान गाया जाने लगा। इस पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि गृह मंत्रालय को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं ताकि सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत पहले की तरह 'तमिल थाई वाझ्थु' से ही हो सके।
मुख्यमंत्री विजय ने रक्षा क्षेत्र से जुड़े बड़े निवेश की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के साथ एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एएमसीए) डिजाइन एंड डेवलपमेंट सेंटर और सेंटर फॉर एयरबोर्न सिस्टम्स (सीएबीएस) को तमिलनाडु में स्थापित करने को लेकर चर्चा चल रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री से इन परियोजनाओं को राज्य में मंजूरी देने का अनुरोध किया।
कावेरी नदी पर प्रस्तावित मेकेदातु बांध परियोजना का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री द्वारा मेकेदातु बांध के भूमि पूजन की घोषणा कावेरी जल विवाद ट्रिब्यूनल और सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस घोषणा से तमिलनाडु के किसानों में गहरी चिंता पैदा हुई है। विजय ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि जल शक्ति मंत्रालय और केंद्रीय जल आयोग को निर्देश दिए जाएं कि तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी की सहमति के बिना इस परियोजना को मंजूरी न दी जाए।
--आईएएनएस
वीकेयू/डीकेपी
Leave A Reviews