
नई दिल्ली. बॉलीवुड की मशहूर डांसर और अभिनेत्री नोरा फतेही ने 'आइटम सॉन्ग' को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के सामने पेश होकर नोरा ने अपने हालिया विवादित गाने 'सरके चुनर' के लिए न केवल लिखित में माफी मांगी, बल्कि भविष्य में ऐसे किसी भी 'आइटम सॉन्ग' का हिस्सा न बनने का संकल्प लिया है जो महिलाओं की छवि को गलत तरीके से पेश करता हो।
बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय महिला आयोग में इस मामले की अहम सुनवाई हुई। नोरा फतेही स्वयं आयोग के समक्ष उपस्थित हुईं और अपनी गलती स्वीकार की। उन्होंने लिखित माफीनामे में कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुँचाना नहीं था। नोरा ने वादा किया कि आगे से वह ऐसे गानों में परफॉर्म नहीं करेंगी, जिससे समाज में महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुँचे या कोई गलत संदेश जाए।
इससे पहले आयोग ने नोरा को कई बार नोटिस भेजा था, लेकिन पिछले महीने की सुनवाई में वह शामिल नहीं हो पाई थीं, जिस पर आयोग ने कड़ी नाराजगी जताई थी।
इसी मामले में फिल्म के मुख्य अभिनेता संजय दत्त पहले ही 27 अप्रैल को आयोग के सामने पेश हो चुके हैं। उन्होंने अपनी सफाई में कहा था कि गाने की शूटिंग के दौरान बोल कन्नड़ में थे और उन्हें इसके हिंदी डबिंग के अश्लील अर्थों की जानकारी नहीं थी। अपनी गलती के प्रायश्चित के रूप में संजय दत्त ने 50 आदिवासी बेटियों की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने का शपथपत्र आयोग को सौंपा है।
आयोग की अध्यक्ष विजया के. रहाटकर ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि 'रचनात्मकता' के नाम पर महिलाओं की गरिमा से समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनोरंजन जगत को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी ताकि समाज पर इसका नकारात्मक प्रभाव न पड़े।
फिल्म: यह गाना कन्नड़ फिल्म 'केडी: द डेविल' का हिस्सा है।
आरोप: गाने के बोलों को महिला विरोधी, अश्लील और अपमानजनक बताया गया था।
कार्रवाई: विवाद बढ़ने के बाद और आयोग के नोटिस के चलते इस गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया है।
माफी: नोरा और संजय दत्त के अलावा, फिल्म के निर्देशक प्रेम और गीतकार रकीब आलम ने भी आयोग से लिखित माफी मांगी है।
इस घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री में 'आइटम नंबर्स' के कंटेंट को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है। नोरा फतेही जैसे बड़े नाम का यह फैसला भविष्य में म्यूजिक वीडियो के निर्माण की दिशा बदल सकता है।
Leave A Reviews