
लखनऊ/पटना. राजनीति की पिच पर अपनी बात मजबूती से रखने वाले सारण से भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने गुरुवार को आसमान में अपनी सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टाल दिया। नई दिल्ली से पटना जा रही इंडिगो की फ्लाइट जब खराब मौसम और जबरदस्त टर्बुलेंस (हवाई हलचल) की चपेट में आई, तो कैप्टन रूडी ने धैर्य बनाए रखते हुए विमान को सुरक्षित लखनऊ में लैंड कराया।
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E6497 ने बुधवार रात करीब 8:30 बजे दिल्ली से पटना के लिए उड़ान भरी थी। विमान जब पटना के करीब पहुँचा, तो अचानक मौसम खराब हो गया। तेज हवाओं और बादलों के बीच विमान जोरदार हिचकोले खाने लगा। टर्बुलेंस इतना जबरदस्त था कि केबिन के अंदर यात्री घबरा गए और चीख-पुकार मचने लगी। कई यात्रियों के लिए यह अनुभव बेहद डरावना था।
विमान की कमान संभाल रहे कैप्टन राजीव प्रताप रूडी ने पटना एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कई बार कोशिश की, लेकिन विजिबिलिटी कम होने और तेज हवाओं के कारण लैंडिंग सुरक्षित नहीं थी। इसके बाद उन्होंने विमान को वाराणसी की ओर मोड़ने का विचार किया, लेकिन वहाँ से भी जरूरी क्लियरेंस नहीं मिल पाया।
अंततः, यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए कैप्टन रूडी ने फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट करने का साहसी फैसला लिया।
लखनऊ एयरपोर्ट पर जैसे ही विमान के पहियों ने रनवे को छुआ, यात्रियों ने राहत की लंबी सांस ली। लैंडिंग के बाद कैप्टन रूडी ने खुद इंटरकॉम पर यात्रियों को संबोधित करते हुए कहा— "अब आप ताली बजा सकते हैं, आप सुरक्षित लैंड कर चुके हैं।"
कैप्टन के ये शब्द सुनते ही पूरा विमान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। यात्रियों ने न केवल उनकी बेहतरीन पायलट स्किल की तारीफ की, बल्कि तनावपूर्ण स्थिति को शांत तरीके से संभालने के लिए उनका अभिवादन भी किया।
राजीव प्रताप रूडी बिहार के सारण से लोकसभा सांसद हैं और केंद्र सरकार में कौशल विकास राज्य मंत्री रह चुके हैं। राजनीति में बेहद सक्रिय होने के बावजूद वे एक पेशेवर कमर्शियल पायलट के तौर पर अपनी सेवाएं देते रहते हैं। सोशल मीडिया पर लोग उनकी इस दोहरी भूमिका और संकट के समय दिखाई गई बहादुरी की जमकर सराहना कर रहे हैं।
Leave A Reviews