
नाइजीरिया। अफ्रीकी देश नाइजीरिया के उत्तर-मध्य क्षेत्र में एक अनाथालय पर बंदूकधारियों ने हमला कर 23 बच्चों का अपहरण कर लिया। अधिकारियों ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि इनमें से 15 बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है।
यह हमला कोगी राज्य की राजधानी लोकोजा के एक दूरदराज इलाके में स्थित दहल्लुकिताब ग्रुप ऑफ स्कूल्स पर हुआ, जो कथित तौर पर गैर-कानूनी रूप से संचालित किया जा रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक, अब तक किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, इस क्षेत्र में फिरौती के लिए अपहरण की घटनाओं में लगातार वृद्धि देखी जा रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कोगी राज्य के कमिश्नर किंग्सले फेमी फानवो ने कहा कि बाकी आठ बच्चों की सुरक्षित रिहाई और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारों के अनुसार, नाइजीरिया में ‘प्यूपिल’ शब्द आमतौर पर प्राथमिक स्तर के छात्रों के लिए इस्तेमाल होता है, जिनकी उम्र 12 साल तक होती है। ऐसे में अपहृत बच्चों की उम्र भी कम होने की आशंका है।
गौरतलब है कि नाइजीरिया लंबे समय से गंभीर सुरक्षा संकट का सामना कर रहा है, खासकर उत्तरी क्षेत्रों में। यहां बोको हराम और ISWAP जैसे उग्रवादी संगठन सक्रिय हैं, जो अक्सर स्कूलों और बच्चों को निशाना बनाते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे हमले ध्यान आकर्षित करने और दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा होते हैं।
Leave A Reviews