
पन्ना। जिले में बुधवार, 29 अप्रैल को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार किसान की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा लुहरहाई के पास उस समय हुआ, जब सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान भरतपुर निवासी 46 वर्षीय हनीफ अहमद (पिता अब्दुल गनी) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हनीफ अहमद अपनी बाइक से भसूडा गांव जा रहे थे, जहां वे बटिया पर खेती करते थे। वे अनाज वेयरहाउस में जमा करने के लिए घर से निकले थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक (क्रमांक UP-41 CT-4039) ने अचानक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे हनीफ अहमद ट्रक के पहियों के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने ट्रक की पहचान कर ली है और आरोपी चालक की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाया जाए और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Leave A Reviews