
कराची/मुंबई. बॉक्स ऑफिस पर 1,300 करोड़ से अधिक की कमाई कर इतिहास रचने वाली भारतीय फिल्म 'धुरंधर' (Dhurandhar) अब अंतरराष्ट्रीय विवाद का केंद्र बन गई है। पाकिस्तानी राजनेता नबील गबोल ने फिल्म के निर्देशक आदित्य धर और भारत सरकार पर निशाना साधते हुए एक जवाबी फिल्म बनाने की घोषणा की है। गबोल का दावा है कि वह इस फिल्म के जरिए भारत को करारा जवाब देंगे।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में नबील गबोल ने पाकिस्तान के ल्यारी इलाके का बचाव करते हुए कहा कि भारत ने 'धुरंधर 1' और 'धुरंधर 2' (संभवतः उनका इशारा धुरंधर और उसके प्रभाव से था) के जरिए ल्यारी की गलत छवि पेश की है।
उन्होंने आक्रामक अंदाज में कहा, "उन्होंने किससे पंगा लिया है? मुझसे। मैं नबील गबोल हूं, मैं राकेश बेदी नहीं हूं। मैं ऐसी फिल्म बनाऊंगा जिसे आदित्य धर याद रखेंगे। मोदी, जिनके पैसों से आपने धुरंधर बनाई है, उन्हें भी पता चल जाएगा जब धुरंधर 3 आएगी।" गबोल ने अपनी फिल्म का नाम 'ल्यारी का गब्बर' रखने का ऐलान किया है।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर' 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई थी और इसने कमाई के सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। फिल्म की सफलता के मुख्य आंकड़े इस प्रकार हैं:
ग्लोबल कलेक्शन: ₹1,307 करोड़।
भारत में नेट कलेक्शन: ₹840 करोड़।
ओवरसीज रिकॉर्ड: अमेरिका और कनाडा में ₹193 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर फिल्म ने 'बाहुबली 2' का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।
इस फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे दिग्गज कलाकारों ने काम किया है। फिल्म की कहानी और इसके स्केल को लेकर पाकिस्तान में काफी नाराजगी देखी जा रही है, जिसका नेतृत्व अब नबील गबोल कर रहे हैं।
Leave A Reviews