चंडीगढ़, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब में आगामी 2027 के चुनावों से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जलालाबाद से पूर्व विधायक रमिंदर सिंह आवला ने शिरोमणि अकाली दल का दामन थाम लिया है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने उनका पार्टी में स्वागत किया है।
![]()

सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "वरिष्ठ नेता और जलालाबाद से पूर्व विधायक, रमिंदर सिंह आवला का शिरोमणि अकाली दल में स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। जलालाबाद ने मुझे तीन बार सेवा करने का मौका दिया। यह एक ऐसा चुनाव क्षेत्र भी है, जिसने अकाली दल की सरकारों के दौरान क्रांतिकारी विकास देखा है।"
सुखबीर सिंह बादल ने आगे लिखा, "अब रमिंदर सिंह आवला के पार्टी में शामिल होने से मुझे विश्वास है कि वह इस चुनाव क्षेत्र के साथ-साथ पूरे बॉर्डर इलाके में शिरोमणि अकाली दल को मजबूत करने के लिए अपनी पूरी कोशिश करेंगे, ताकि 2027 में पार्टी की जीत पक्की हो सके।
बता दें कि रमिंदर सिंह आवला ने वर्ष 2019 के जलालाबाद उपचुनाव में कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की थी। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के गढ़ माने जाने वाले जलालाबाद विधानसभा में अकाली दल के उम्मीदवार को करीब 16 हजार वोटों से हराया था। जलालाबाद सीट पर 17 वर्षों बाद कांग्रेस को जीत दिलाने वाले रमिंदर सिंह आवला पहले नेता बने थे।
रमिंदर सिंह आवला ने बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष और फिर पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) में महासचिव के रूप में लंबा सफर तय किया। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) में सचिव बनाकर कर्नाटक राज्य की जिम्मेदारी भी सौंपी थी। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल का दामन थाम लिया है, जिसे कांग्रेस के लिए बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है।
--आईएएनएस
एसडी/एएस
Leave A Reviews