Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

पंजाब में लोगों को विकास और रोजगार चाहिए, मजाक नहीं: सीएम नायब सिंह सैनी


चंडीगढ़, 13 सितंबर (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब की जनता को विकास, रोजगार, उद्योगों के लिए सुरक्षा और अपनी समस्याओं का समाधान चाहिए, न कि मजाक, प्रचार और विज्ञापन।

चंडीगढ़, 13 सितंबर (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब की जनता को विकास, रोजगार, उद्योगों के लिए सुरक्षा और अपनी समस्याओं का समाधान चाहिए, न कि मजाक, प्रचार और विज्ञापन।

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों में प्रतिभा और मेहनत की कभी कमी नहीं रही, लेकिन गलत नीतियों और नेतृत्व के कारण राज्य विकास की दौड़ में पीछे रह गया।

पटियाला के ककराला गांव में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम सैनी ने कहा कि पंजाब और हरियाणा भले ही दो अलग-अलग राज्य हों, लेकिन दोनों की संस्कृति, विरासत और जड़ें एक समान हैं। उन्होंने कहा कि आज पंजाब की जनता यह सवाल पूछ रही है कि उपजाऊ भूमि, मेहनती लोगों और अपार संभावनाओं के बावजूद राज्य विकास के मामले में पीछे क्यों रह गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय पंजाब देश के सबसे समृद्ध राज्यों में गिना जाता था, लेकिन आज हरियाणा आर्थिक प्रगति के मामले में उससे काफी आगे निकल चुका है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2025-26 में हरियाणा की आर्थिक विकास दर 9.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जबकि पंजाब की विकास दर 6.1 प्रतिशत है। इसी तरह 2026-27 में हरियाणा की अर्थव्यवस्था लगभग 15.18 लाख करोड़ रुपए और पंजाब की अर्थव्यवस्था लगभग 9.81 लाख करोड़ रुपए रहने का अनुमान है।

सीएम सैनी ने कहा कि दोनों राज्यों की अर्थव्यवस्था के आकार में करीब 5.38 लाख करोड़ रुपए का अंतर है और यह सही नीतियों, स्पष्ट नीयत और जवाबदेह नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि 2023-24 में देश की जीडीपी में हरियाणा की हिस्सेदारी 3.6 प्रतिशत और पंजाब की हिस्सेदारी 2.4 प्रतिशत थी। वहीं, हरियाणा की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत के 176.8 प्रतिशत के बराबर थी, जबकि पंजाब की 106.7 प्रतिशत थी।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने पंजाब को काम से ज्यादा प्रचार और परिणामों से ज्यादा विज्ञापन दिए हैं। उन्होंने कहा कि केवल बड़े-बड़े दावे करने से अर्थव्यवस्था मजबूत नहीं होती। अर्थव्यवस्था तब मजबूत होती है, जब उद्योगों को सुरक्षा मिले, युवाओं को रोजगार मिले, व्यापारियों में भरोसा बने और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले।

उन्होंने कहा कि सरकार का दायित्व जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनना और उनका समाधान करना है। "मजाक सिनेमा हॉल में चलता है, लेकिन जनता के बीच विकास, काम और समस्याओं के समाधान की बात होती है।"

सीएम नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उसने भी पंजाब की जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने भी कई वादे किए, लेकिन वे केवल वादों तक ही सीमित रह गए और लोगों को उनकी समस्याओं से राहत नहीं मिली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा की भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि 2024 विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए 217 वादों में से 18 महीनों के भीतर 70 वादे पूरे किए जा चुके हैं।

इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री परणीत कौर, प्रो. मलकीत सिंह और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।/ कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, जिनका मुख्यमंत्री ने पार्टी में स्वागत किया।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Date & Time : 2026-09-13 22:50:03

Share:

Leave A Reviews

Related News