
पन्ना जिले अंतर्गत उत्तर वन मंडल की देवेंद्रनगर रेंज में बुधवार को एक नर जंगली सूअर का करीब तीन दिन पुराना शव मिलने से वन अमले में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही वन विभाग का दल फौरन मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जांच में अधिकारियों का मानना है कि नर जंगली सूअर की मौत अत्यधिक उम्र और प्राकृतिक कारणों से हुई हो सकती है। इसके बावजूद वन अधिकारियों ने शिकार, करंट अथवा किसी अन्य मानवीय हस्तक्षेप की आशंकाओं को खारिज नहीं किया है। विभाग ने नियमानुसार मौका पंचनामा तैयार कर शव को जांच के लिए पन्ना जिला मुख्यालय भेज दिया है।
उल्लेखनीय है कि इसी वन क्षेत्र में एक दिन पूर्व एक लकड़बग्घे (हायना) का शव भी बरामद हुआ था। लगातार दो वन्यजीवों के शव मिलने के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी है। जिला मुख्यालय में दोनों वन्यजीवों का विधिवत पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दोनों वन्यजीवों की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। अधिकारियों के अनुसार डीएफओ और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में शासन के निर्धारित प्रोटोकॉल और नियमों के तहत दोनों शवों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
Leave A Reviews