
पन्ना जिले में लोकायुक्त पुलिस की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिला न्यायालय के सामने स्थित जल संसाधन विभाग के कार्यालय में औचक छापा मारकर टीम ने लेखपाल दीपक परिहार और लिपिक अरविंद पाठक को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे विभागीय कार्यालय में हड़कंप मच गया और अन्य कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी गौरव तोमर ने इस मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। नहर निर्माण कार्य के बदले दोनों कर्मचारियों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और दबिश दी। कार्रवाई के दौरान लेखपाल दीपक परिहार को 15 हजार रुपये और लिपिक अरविंद पाठक को 30 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया गया। दोनों के पास से कुल 45 हजार रुपये की राशि बरामद की गई है।
रंगेहाथ पकड़े जाने के बाद लोकायुक्त की टीम दोनों कर्मचारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कानूनी प्रावधानों के अनुसार मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है। मौके पर जब्त की गई राशि के साथ दस्तावेजों की जांच की जा रही है और टीम विभागीय अधिकारियों से भी संबंधित कार्य से जुड़ी फाइलों का ब्योरा जुटा रही है।
Leave A Reviews