
पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना अंतर्गत सिंहपुर रोड पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ रेत से लदे एक अनियंत्रित और ओवरलोड ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में ई-रिक्शा सवार एक युवक की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर निवासी गोरेलाल अहिरवार (32) और भैयाराम अहिरवार (28) अपने साथी दीपू के साथ ई-रिक्शा से एक शादी समारोह में शामिल होने 'भुड़ा' जा रहे थे। जैसे ही वे सिंहपुर टोल बैरियर के पास पहुँचे, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में गोरेलाल को गंभीर हालत में सतना रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक अपने पीछे दो मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। वहीं, घायल भैयाराम का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
युवक की मौत की खबर फैलते ही सिंहपुर क्षेत्र में तनाव फैल गया। गुस्साए परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने पन्ना-अजयगढ़ मुख्य मार्ग पर उसी स्थान पर चक्काजाम कर दिया जहाँ हादसा हुआ था। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। ग्रामीणों की मांग है कि अवैध रेत परिवहन कर रहे ट्रैक्टर को तत्काल जब्त किया जाए और फरार चालक को गिरफ्तार किया जाए।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस अधिकारी ग्रामीणों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन परिजन दोषियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
इस घटना के बाद प्रशासन और खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय कांग्रेस नेता अक्षय तिवारी ने आरोप लगाया है कि अवैध उत्खनन और ओवरलोड वाहनों के कारण आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन मौन बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि ओवरलोड वाहनों के प्रवेश पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Leave A Reviews