Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

छिंदवाड़ा: PHE का पंप अटेंडेंट 14 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के एक पंप अटेंडेंट को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मंगलवार दोपहर करीब 2:00 बजे खजरी रोड स्थित एक चाय की दुकान पर आरोपी को 14,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। यह कार्रवाई लोकायुक्त पुलिस महानिदेशक श्री योगेश देशमुख के निर्देशों और डीआईजी मनोज सिंह के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई।

लोकायुक्त की इस अचानक हुई कार्रवाई से विभाग के अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। आरोपी को पकड़ने के बाद टीम उसे आगामी वैधानिक प्रक्रिया के लिए एमपीईबी रेस्ट हाउस लेकर गई।

ठेकेदार की पेमेंट और 6% कमीशन का पूरा खेल

पूरा मामला विभाग में चल रहे निर्माण कार्यों के भुगतान से जुड़ा है। आवेदक सौरभ मिश्रा (38), जो ग्राम अंबाडा के निवासी हैं, उन्होंने PHE विभाग में निर्माण कार्य का ठेका लिया था। जब उनके काम का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा पूरा हुआ, तो उनके खाते में शासन की ओर से 4,11,665 रुपए की राशि जारी की गई।

आरोप है कि इस राशि के भुगतान के बदले विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 संदेश गजभिये ने 6 प्रतिशत कमीशन की मांग की, जो लगभग 25 हजार रुपए बैठती थी। जब ठेकेदार ने इस भ्रष्टाचार की शिकायत लोकायुक्त जबलपुर से की, तो सत्यापन के दौरान संदेश गजभिये ने उसे पंप अटेंडेंट दर्पण मिश्रा से मिलकर पैसे देने को कहा। बाद में 14 हजार रुपए में सौदा तय हुआ।

लोकायुक्त का बिछाया जाल और आरोपी की गिरफ्तारी

निर्धारित योजना के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को जैसे ही आवेदक सौरभ मिश्रा ने खजरी रोड पर दर्पण मिश्रा को रिश्वत के पैसे थमाए, पहले से घात लगाकर बैठी लोकायुक्त टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी के हाथ धुलवाते ही वे गुलाबी हो गए, जो रिश्वत लेने का पुख्ता प्रमाण है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक सुश्री शशिकला मस्कुले, निरीक्षक जितेंद्र यादव और उप निरीक्षक शिशिर पांडेय सहित पूरी टीम शामिल रही। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अब यह जांच की जा रही है कि इस खेल में सहायक ग्रेड-3 संदेश गजभिये और अन्य कौन से बड़े अधिकारी शामिल हैं।

Share:

Leave A Reviews

Related News