मुंबई, 25 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच महिला आरक्षण को लेकर हुई जुबानी जंग के बीच महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के मुद्दे पर केवल भ्रम फैला रही है। कांग्रेस कभी भी महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं रही है, लेकिन परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण को जोड़ना सरासर धोखाधड़ी है।
![]()
मुंबई, 25 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच महिला आरक्षण को लेकर हुई जुबानी जंग के बीच महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के मुद्दे पर केवल भ्रम फैला रही है। कांग्रेस कभी भी महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं रही है, लेकिन परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण को जोड़ना सरासर धोखाधड़ी है।
मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि महिला आरक्षण की मूल कल्पना राजीव गांधी की थी। उनके निधन के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव ने स्थानीय निकायों में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया था। चव्हाण ने कहा कि जब वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने स्थानीय निकायों में 33 प्रतिशत आरक्षण को बढ़ाकर 50 प्रतिशत किया था।
लोकसभा और विधानसभा में महिला आरक्षण को लेकर उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब भी एक सदन में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का विधेयक पारित किया गया था, लेकिन दूसरे सदन में इसे पारित नहीं कराया जा सका। 2023 में जब भाजपा महिला आरक्षण विधेयक लेकर आई थी, तब कांग्रेस ने उसका पूरे जोर-शोर से समर्थन किया था। उन्होंने सवाल किया कि क्या उस विधेयक में यह नहीं लिखा गया था कि 2023 के बाद होने वाली जनगणना के बाद महिला आरक्षण लागू किया जाएगा। वह परिस्थिति आज भी कायम है और कांग्रेस ने 2023 के महिला आरक्षण विधेयक का पूरी मजबूती से समर्थन किया था।
पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण का दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है। दोनों को जोड़ने की कोशिश करना सरासर धोखाधड़ी है। परिसीमन अपनी जगह है और महिला आरक्षण अपनी जगह। अगर सरकार वास्तव में महिला आरक्षण लागू करना चाहती है तो अगले साल उत्तर प्रदेश और पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनावों में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का प्रावधान क्यों नहीं करती। अगर इसके लिए अध्यादेश लाया जाता है तो कांग्रेस उसका समर्थन करेगी, लेकिन महिला आरक्षण को परिसीमन से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। 2023 में पारित महिला आरक्षण विधेयक को अगर सरकार जल्द लागू करना चाहती है तो उसे जल्द लागू किया जाना चाहिए। लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में ही एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने में क्या परेशानी है।
फडणवीस का जिक्र करते हुए पूर्व सीएम ने संघ को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि संघ से देवेंद्र फडणवीस आते हैं, क्या उस संगठन ने कभी किसी महिला को अपना पदाधिकारी बनाया है। उन्होंने पूछा कि क्या कभी किसी महिला को संघ का ‘सरसंघचालक’ बनाया गया है। परिसीमन के नाम पर सरकार दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत हासिल कर संविधान में बदलाव करने की कोशिश कर रही है, जिसका कांग्रेस विरोध करेगी। चव्हाण ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से लोकसभा में 850 सीटें किए जाने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 543 सीटें हैं और कई बार सांसदों को बोलने का मौका तक नहीं मिलता।
उन्होंने कहा कि फडणवीस को महाराष्ट्र में महिलाओं की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए और महिलाओं की सुरक्षा पर काम करना चाहिए।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल के चीन दौरे को लेकर पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि भारत और चीन के बीच सीमा विवाद है। भारत सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने और लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने के बाद कुछ ऐसे नक्शे सामने आए, जिनमें भारत और चीन के बीच विवादित भूमि को दर्शाया गया था। अजीत डोभाल को चीन से लौटने के बाद देश को अरुणाचल प्रदेश की वास्तविक स्थिति के बारे में बताना चाहिए।
पृथ्वीराज चव्हाण ने आरोप लगाया कि सरकार के पास अच्छे मंत्रियों की कमी है। उन्हें नहीं पता कि नितिन गडकरी मंत्रिमंडल से बाहर होंगे या देवेंद्र फडणवीस केंद्र में आएंगे। प्रधानमंत्री को यह विशेष अधिकार है कि वह किसे मंत्रिमंडल में रखें। हालांकि, उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री ऐसा होना चाहिए जो छात्रों के साथ बातचीत कर उनका विश्वास जीत सके। उन्होंने युवाओं को अधिक अवसर दिए जाने की जरूरत पर भी बल दिया।
चीनी और प्याज के बढ़ते दामों को लेकर उन्होंने कहा कि इथेनॉल के उत्पादन के कारण चीनी की कीमतें बढ़ी हैं। जब तक मौजूदा सरकार सत्ता में है, तब तक लोगों को महंगाई की मार झेलनी पड़ेगी।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम
Leave A Reviews