Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

फेसबुक हनीट्रैप के जरिए 24 लाख रुपए की उगाही, गुजरात पुलिस ने आरोपी को दबोचा


अहमदाबाद, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। अहमदाबाद पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) ने फेसबुक के जरिए एक बुजुर्ग व्यक्ति को हनीट्रैप में फंसाकर उससे 24 लाख रुपए की उगाही करने के आरोप में 39 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

अहमदाबाद, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। अहमदाबाद पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) ने फेसबुक के जरिए एक बुजुर्ग व्यक्ति को हनीट्रैप में फंसाकर उससे 24 लाख रुपए की उगाही करने के आरोप में 39 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बोटाद जिले के ठीकवाड़ी गांव निवासी अल्पेश सोलंकी के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पास से 1 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं, जो कथित तौर पर उगाही के ताजा प्रयास के दौरान शिकायतकर्ता से लिए गए थे।

पुलिस के अनुसार, यह मामला 5 अक्टूबर की रात को सामने आया, जब आनंदरनगर पुलिस थाने को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि एक गिरोह ने कथित तौर पर एक बुजुर्ग व्यक्ति और उसके बेटे को ब्लैकमेल कर उनसे काले रंग के बैग में 1 लाख रुपए ले लिए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि काली पैंट और सफेद चेकदार शर्ट पहने एक व्यक्ति रकम लेकर पकवान चार रास्ता इलाके से फरार हो गया था।

सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस उपायुक्त (जोन-7) शिवम वर्मा ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा इलाके में कड़ी नाकाबंदी करने के आदेश दिए।

पुलिस उपनिरीक्षक एचडी वाघेला के नेतृत्व में एलसीबी जोन-7 की टीमों ने एसजी हाईवे पर व्यापक गश्त और वाहनों की जांच शुरू की।

विशेष सूचना के आधार पर पुलिस ने कंट्रोल रूम से मिले हुलिए से मेल खाने वाले एक व्यक्ति को कर्णावती ब्रिज के नीचे काले बैग के साथ छिपा हुआ पाया।

पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके पास से 1 लाख रुपए नकद बरामद किए।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सोलंकी ने बताया कि उसने और उसके साथियों ने फेसबुक के माध्यम से शिकायतकर्ता से संपर्क किया और उसे कथित रूप से हनीट्रैप में फंसा लिया। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी और एक सुनियोजित साजिश के तहत उससे किस्तों में 24 लाख रुपए वसूल लिए।

पुलिस ने बताया कि हालिया घटना में गिरोह ने शिकायतकर्ता से अतिरिक्त 7 लाख रुपए की मांग भी की थी।

अधिकारियों के मुताबिक, शिकायतकर्ता को संदेह हुआ तो उसने पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद सोलंकी को 1 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

मामले में दो अन्य आरोपी, बोटाद के तर्घड़ा रोड स्थित मोरारीनगर-1 निवासी किशन उर्फ कानू परमार और मेहसाणा जिले की कड़ी तहसील के पनादरा गांव निवासी लालो, अभी फरार हैं।

पुलिस ने बताया कि उनकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपी के पास से 500 रुपए के नोटों की दो गड्डियां, जिनकी कुल कीमत 1 लाख रुपए है, एक काला बैग और 5,000 रुपए मूल्य का मोबाइल फोन जब्त किया है।

जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत 1.05 लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से पहले सावधानी बरतें और अजनबियों से ऑनलाइन बातचीत करते समय सतर्क रहें।

पुलिस ने यह भी अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इस तरह की ब्लैकमेलिंग या उगाही का सामना कर रहा हो, तो वह तुरंत अपने नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करे।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Date & Time : 2026-10-07 19:30:04

Share:

Leave A Reviews

Related News