नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले में शामिल गाड़ियों की संख्या काफी हद तक कम कर दी गई है। यह फैसला प्रधानमंत्री मोदी की 'ऊर्जा बचत' अपील के बीच लिया गया है।
![]()
नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले में शामिल गाड़ियों की संख्या काफी हद तक कम कर दी गई है। यह फैसला प्रधानमंत्री मोदी की 'ऊर्जा बचत' अपील के बीच लिया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने ईंधन की खपत कम करने के उद्देश्य से अपने आधिकारिक काफिले में वाहनों की संख्या घटा दी है। इसके साथ ही एसपीजी प्रोटोकॉल के तहत सभी अनिवार्य सुरक्षा उपायों को पूरी तरह से बरकरार रखा गया है।
सामने आए एक वीडियो में पीएम मोदी का काफिला बेहद छोटा दिखाई दे रहा है, जिसमें कुछ ही गाड़ियां शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में असम यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह और गुजरात में सोमनाथ अमृत महोत्सव में शामिल होने के समय भी प्रधानमंत्री का काफिला पहले की तुलना में काफी छोटा था।
एसपीजी ने प्रधानमंत्री के निर्देशों को लागू करना शुरू कर दिया है और गाड़ियों की संख्या कम कर दी है, लेकिन सुरक्षा से जुड़े जरूरी इंतजाम पहले की तरह जारी हैं।
प्रधानमंत्री के इस कदम को एक संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि सरकार भी ईंधन बचत और खर्च कम करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इससे अन्य मंत्री और नेता भी इसी तरह के कदम अपना सकते हैं।
वहीं, केंद्रीय राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह भी एक ही गाड़ी से सफर करते दिखाई दिए। उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह एक ही गाड़ी के साथ दिखाई दे रहे हैं। उनके साथ सुरक्षा या पायलट वाली कोई गाड़ी नहीं दिखाई दे रही है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपील की थी कि वे ईंधन की खपत कम करें और सार्वजनिक परिवहन जैसे मेट्रो, कारपूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिक इस्तेमाल करें। साथ ही उन्होंने सोना खरीदने और विदेशी यात्राओं की जगह देश के अंदर यात्रा को प्राथमिकता देने की बात कही थी।
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने अपने काफिले में इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल करने के भी निर्देश दिए हैं।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम
Leave A Reviews