
बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बिरसा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात सड़क हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि 20 से ज्यादा लोगों ने एक आरक्षक और विशेष सहयोगी दस्ते के दो युवकों के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना में आरक्षक तोमेश कुमार बघेले सहित तीन लोग घायल हो गए। आरक्षक का बिरसा अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के सालेवाड़ा निवासी 26 वर्षीय ठुमेन्द्र पिता रामचंद्र पांचे अपने बेटे के नामकरण का कार्ड देने अचानकपुर आए थे। वहां से लौटते समय अचानकपुर और कचनारी के बीच सड़क पर खड़े ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ठुमेन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल के पास स्थित एक गांव में उस समय मंडई-मेला लगा हुआ था। हादसे की जानकारी मिलने पर वहां से कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। रात करीब 9:30 बजे सालेटेकरी पुलिस चौकी को दुर्घटना की सूचना मिली। इसके बाद पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि कुछ लोग ट्रक के क्लीनर के साथ मारपीट कर रहे थे। पुलिसकर्मियों ने क्लीनर को भीड़ से छुड़ाया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा। इसके बाद शव को उठाने की तैयारी की जाने लगी।
इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोग ट्रक चालक को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। इस बात को लेकर उनकी पुलिसकर्मियों से बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 20 से ज्यादा लोगों ने आरक्षक तोमेश कुमार बघेले और विशेष सहयोगी दस्ते के संदीप मेरावी व पीयूष रनकुहे के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। हमले में तीनों घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए बिरसा अस्पताल ले जाया गया। आरक्षक तोमेश की गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
एसडीओपी चंद्रशेखर पांडेय ने बताया कि घायल पुलिसकर्मी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मारपीट करने वालों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave A Reviews