नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। शिया इस्माइली मुसलमानों के 50वें वंशानुगत इमाम (आध्यात्मिक नेता) और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के चेयरमैन, प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। बातचीत के दौरान, राष्ट्रपति मुर्मु ने आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के कार्यों की सराहना की।
![]()
नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। शिया इस्माइली मुसलमानों के 50वें वंशानुगत इमाम (आध्यात्मिक नेता) और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के चेयरमैन, प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। बातचीत के दौरान, राष्ट्रपति मुर्मु ने आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के कार्यों की सराहना की।
राष्ट्रपति सचिवालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया, "प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। राष्ट्रपति ने आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के कामों की सराहना की और कहा कि इससे पता चलता है कि कैसे सरकार के साथ मिलकर काम करने वाली गैर-लाभकारी संस्थाएं लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार कर सकती हैं।”
इससे पहले दिन में, उपराष्ट्रपति सीपी. राधाकृष्णन ने आगा खान के साथ बैठक की, जिसमें खेल और शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में भारत और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान, दोनों नेताओं ने कट्टरपंथ को खत्म करने की जरूरत को दोहराया और इस बात पर जोर दिया कि बातचीत ही शांति, स्थिरता और साझा समृद्धि का रास्ता है।
उपराष्ट्रपति कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट किया, "प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने उपराष्ट्रपति भवन में भारत के उपराष्ट्रपति सीपी. राधाकृष्णन से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने पानी और स्वच्छता, महिलाओं के नेतृत्व वाले स्वयं-सहायता समूहों, शिक्षा और सामुदायिक विकास में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के योगदान पर चर्चा की और पूर्वी अफ्रीका और अफगानिस्तान में इसके असरदार कामों की सराहना की।"
इसमें आगे कहा गया, "उन्होंने खेल और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में भारत और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के बीच सहयोग को मजबूत करने पर भी चर्चा की। दोनों नेताओं ने कट्टरपंथ को खत्म करने की जरूरत को दोहराया और इस बात पर जोर दिया कि बातचीत ही शांति, स्थिरता और साझा समृद्धि का रास्ता है।"
प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की और स्वास्थ्य सेवा, कृषि, ग्रामीण विकास, युवा और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्रों में भारत और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के बीच सहयोग को और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की।
बैठक के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, "प्रिंस रहीम आगा खान पंचम से मिलकर खुशी हुई। उनके पिता, स्वर्गीय आगा खान चतुर्थ और विकास कार्यों में उनके अहम योगदान को याद किया। स्वास्थ्य सेवा, कृषि, ग्रामीण विकास, युवा और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्रों में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के साथ हमारी साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।"
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम
Leave A Reviews