
रामनगर, मैहर. भारतीय प्रेस परिषद, नई दिल्ली ने धरना, प्रदर्शन या अन्य घटनाओं की कवरेज करने वाले पत्रकारों के लिए सख्त गाइडलाइन जारी की है. प्रेस रिलीज क्रमांक PR/8/26-27-PCI दिनांक 15.10.2026 के तहत जारी यह गाइडलाइन 14 अक्टूबर 2026 की बैठक में पारित हुई है.
प्रेस काउंसिल ने स्पष्ट किया है कि यह गाइडलाइन हर मीडिया कर्मी - पत्रकार, छायाकार, ब्यूरो चीफ, स्ट्रिंगर, संपादक, संवाददाता पर लागू होगी और हर मीडिया कर्मी अपनी जिम्मेवारी व जवाबदारी पर पत्रकारिता करे.
गाइडलाइन के मुख्य बिंदु जो रामनगर/मैहर के पत्रकारों के लिए भी जरूरी हैं -
1. पहचान और पेशेवर आचरण -
- अपनी संस्था का वैध प्रेस कार्ड और PIB/DIP एक्रेडिटेशन हमेशा साथ रखें.
- गले में अपनी संस्था का पट्टा सावधानीपूर्वक लटकाए रखें, इस तरह बांधे कि भीड़ में उलझे नहीं, खिंचे नहीं.
- पुलिस या प्रशासन पूछे तो शांति से खुद को पत्रकार बताएं, बहस न करें.
- निष्पक्ष रहें, प्रदर्शन का हिस्सा न बनें, किसी पक्ष को उकसाएं नहीं.

2. पोजिशन और भीड़ से सुरक्षा -
- टकराव वाली जगह से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, जब तनाव बढ़े या पुलिस कार्रवाई की आशंका हो तो और दूर हो जाएं.
- पुलिस बैरिकेड, वाहन या संपत्ति पर कैमरा न बांधे जिससे रास्ता रुके.
- भीड़ में छोटे-छोटे कदमों से सावधानी से चलें ताकि गिरें नहीं, कुचले नहीं जाएं.
3. मौका देखकर निकल ले पत्रकार -
- हर समय चारों तरफ नजर रखें, भीड़ का व्यवहार बदल रहा है क्या, कोई पास आ रहा है क्या.
- पहले से ही भागने का रास्ता तय रखें, खुली सड़क, फुटपाथ, सुरक्षित जगह पहचान कर रखें.
- धुआं या आंसू गैस हो तो दिखने वाले लैंडमार्क की मदद से बाहर निकलें, भीड़ में और अंदर न घुसें.
4. खुद की सुरक्षा पर विशेष ध्यान - जान है तो जहान की होती रहेगी कवरेज -
- अपने पास इमरजेंसी किट रखें - फर्स्ट एड बॉक्स, जरूरी दवा, पीने का पानी, हाई प्रोटीन स्नैक्स, टॉर्च, तौलिया, आंखों के लिए गॉगल्स.
- जरूरत हो तो हेलमेट, बॉडी आर्मर पहनें, लेकिन उसके भरोसे बेवजह जोखिम न लें.
- आंसू गैस के गोले, फ्लैश-बैंग, स्मोक ग्रेनेड को कभी हाथ न लगाएं - वे गर्म हो सकते हैं, फट सकते हैं.
5. संस्थान, प्रशासन से न रखें कोई अपेक्षा -
- पूरे असाइनमेंट के दौरान अपनी न्यूजरूम से लगातार संपर्क में रहें. न्यूजरूम एक व्यक्ति को तय करे जो आपकी लोकेशन पर नजर रखे.
- फ्रीलांसर अपना लोकेशन, प्लान और लौटने का समय किसी भरोसेमंद संपादक को जरूर बताएं.
- अकेले हों तो दूसरे पत्रकारों का भी ध्यान रखें.
प्रेस काउंसिल का साफ संदेश है - संस्थान खबर मांगेगा, प्रशासन व्यवस्था देखेगा, लेकिन जान आपकी है, इसलिए खुद की सुरक्षा खुद करें. हर मीडिया कर्मी अपनी जिम्मेदारी पर कवरेज करे.
Leave A Reviews