Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

रीवा के संजय गांधी अस्पताल में लापरवाही, कुत्ते के काटने पर लगाया सांप के जहर का इंजेक्शन


रीवा स्थित संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय (SGMH) में स्वास्थ्य सेवाओं की लचर व्यवस्था और गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही का एक और चौंकाने वाला मामला उजागर हुआ है। प्रसूता-नवजात की मौत के विवाद के बाद अब अस्पताल में कुत्ते के काटने पर पहुंचे एक 18 वर्षीय युवक को एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाने के बजाय कथित तौर पर 'एंटी स्नेक वेनम' (सांप के डसने पर दिया जाने वाला इंजेक्शन) लगा दिया गया। राहत की बात यह रही कि गलत दवा दिए जाने के बाद युवक को कोई गंभीर साइड इफेक्ट या एलर्जिक रिएक्शन नहीं हुआ।

कुत्ते के काटने की बात स्पष्ट बताई, पर्चे पर लिख दिया 'स्नेक बाइट'

रामपुर कोठी झिरिया निवासी 18 वर्षीय आयुष सिंह (पिता अंशुमान सिंह) को 5 सितंबर की शाम कुत्ते ने काट लिया था। इसके बाद वह प्राथमिक उपचार और एंटी-रेबीज का टीका लगवाने रीवा संजय गांधी अस्पताल के कैजुअल्टी वार्ड पहुंचा। पीड़ित का कहना है कि उसने पर्ची बनवाकर ड्यूटी पर तैनात महिला पीजी डॉक्टर को साफ शब्दों में जानकारी दी थी कि उसे कुत्ते ने काटा है। आरोप है कि इसके बावजूद डॉक्टर ने पर्चे में 'डॉग बाइट' की जगह 'स्नेक बाइट' दर्ज कर दिया और एंटी-रेबीज की जगह एंटी स्नेक वेनम लिख दिया। इसी पर्ची के आधार पर स्टाफ नर्स ने मरीज को संबंधित इंजेक्शन लगा दिया।

घर जाकर देखा पर्चा तो उड़े होश, अस्पताल लौटने पर बना दूसरा पर्चा

अस्पताल से घर लौटने के बाद जब युवक ने अपनी मेडिकल पर्ची देखी, तो उस पर स्नेक बाइट लिखा देखकर उसके होश उड़ गए। अनहोनी की आशंका में वह तत्काल दोबारा संजय गांधी अस्पताल पहुंचा और ड्यूटी डॉक्टरों से सवाल किए। अपनी गलती छुपाने के लिए डॉक्टरों ने मामले में लीपापोती करने की कोशिश की और उल्टा युवक पर ही लापरवाही का ठीकरा फोड़ने का प्रयास किया। इसके बाद युवक का दूसरा पर्चा बनाया गया, जिसमें डॉग बाइट दर्ज कर उसे दोबारा एंटी-रेबीज का इंजेक्शन दिया गया।

दो पर्चों ने उजागर की अस्पताल की कार्यप्रणाली, CM हेल्पलाइन में शिकायत

पीड़ित आयुष सिंह के पास मौजूद दोनों पर्चियां अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। एक पर्चे पर 'स्नेक बाइट' और दूसरे पर 'डॉग बाइट' दर्ज होना यह दर्शाता है कि इंजेक्शन लगाने से पहले मरीज की बीमारी, फाइल और दवा के नाम की क्रॉस-वेरिफिकेशन करने के सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। युवक ने इस घोर लापरवाही के खिलाफ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (CM Helpline) में शिकायत दर्ज कराई है और जिम्मेदार स्टाफ पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Date & Time : 2026-09-07 08:05:11

Share:

Leave A Reviews

Related News