
मुंबई. इंटरनेशनल पॉप सेंसेशन और बिजनेस वुमन रिहाना (Rihanna) एक बार फिर भारत में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। शुक्रवार को मुंबई के फीनिक्स पैलेडियम मॉल में रिहाना के मशहूर कॉस्मेटिक ब्रांड 'फेंटी ब्यूटी' (Fenty Beauty) का भव्य लॉन्च इवेंट आयोजित किया गया। इस खास मौके पर रिहाना ने न केवल अपने प्रोडक्ट्स पेश किए, बल्कि अपनी सादगी और हिंदी बोलने के अंदाज से पैपराजी और फैंस का दिल जीत लिया।

मुंबई के फीनिक्स पैलेडियम में आयोजित इस मेगा इवेंट को 'फेंटी ब्यूटी की हवेली' नाम दिया गया था। रिलायंस रिटेल की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ईशा अंबानी के साथ रिहाना ने इस स्टोर का उद्घाटन किया। इवेंट में बॉलीवुड का भी जबरदस्त तड़का देखने को मिला। एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर, अदिति भाटिया और कई मशहूर हस्तियों ने रेड कार्पेट पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
इवेंट का सबसे खास पल वह था जब रिहाना स्टोर से बाहर निकलीं और वहां मौजूद पैपराजी से बातचीत करने लगीं। उन्होंने मुस्कुराते हुए पूछा, "How do you say thank you in Hindi?" (हिंदी में थैंक यू कैसे कहते हैं?)। जब उन्हें अंदर से जवाब मिला "शुक्रिया", तो उन्होंने बड़े ही उत्साह के साथ पैपराजी की ओर देखकर जोर से कहा— "शुक्रिया!"। रिहाना का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

भारत में फेंटी ब्यूटी के आने से मेकअप लवर्स के बीच काफी उत्साह है। रिहाना के ये प्रोडक्ट्स अब भारत में रिलायंस रिटेल के तीरा ब्यूटी (Tira Beauty) और सेफोरा (Sephora) पर विशेष रूप से उपलब्ध होंगे। फीनिक्स पैलेडियम में 25 अप्रैल से 4 मई 2026 तक एक विशेष पॉप-अप स्टोर भी लगाया गया है, जहां लोग फेंटी ब्यूटी के विभिन्न शेड्स और प्रोडक्ट्स को पर्सनली ट्राय कर सकेंगे।
रिहाना का यह भारत का दूसरा दौरा है। इससे पहले वह साल 2024 में जामनगर आई थीं, जहां उन्होंने अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन में अपनी शानदार परफॉर्मेंस दी थी। रिहाना का भारत प्रेम और भारतीय संस्कृति के प्रति उनका सम्मान उनके इस छोटे से 'शुक्रिया' शब्द में साफ झलक रहा था।
Leave A Reviews