
जबलपुर। शहर के गोहलपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम हुए सड़क हादसे में 11 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा गाजी मियां दरगाह के सामने नेशनल हाईवे पर हुआ। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 11 वर्षीय असीम के रूप में हुई है। वह सोमवार शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच स्कूल की छुट्टी के बाद पैदल घर लौट रहा था।बताया जा रहा है कि गाजी मियां दरगाह के पास नेशनल हाईवे पर पहुंचने के दौरान वह सड़क हादसे की चपेट में आ गया। हादसे में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही गोहलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज की मर्च्युरी भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे। बालक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
गोहलपुर पुलिस हादसे की परिस्थितियों और टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave A Reviews