
नई दिल्ली. OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन के सैन फ्रांसिस्को स्थित आवास पर शनिवार तड़के एक अज्ञात हमलावर ने 'मोलोटोव कॉकटेल' (पेट्रोल बम) से हमला किया। इस घटना के बाद ऑल्टमैन ने एक भावुक ब्लॉग पोस्ट साझा करते हुए इसे समाज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर बढ़ रहे डर और तनाव का परिणाम बताया है।
सैन फ्रांसिस्को पुलिस के अनुसार, यह हमला सुबह करीब 3:45 बजे हुआ। हमलावर ने ऑल्टमैन के घर पर ज्वलनशील पदार्थ से भरा बम फेंका, जो खुशकिस्मती से घर से टकराकर गिर गया और कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने इस मामले में एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि घर पर हमले के बाद संदिग्ध OpenAI के कार्यालय भी गया और वहां आग लगाने की धमकी दी।
अपने ब्लॉग पर अपने परिवार और बच्चे की तस्वीर साझा करते हुए ऑल्टमैन ने लिखा:
"मेरा परिवार इस घटना से पूरी तरह हिल गया है। मैंने यह फोटो इस उम्मीद में साझा की है कि शायद इसे देखकर अगला व्यक्ति हमारे घर पर पत्थर या बम फेंकने से पहले एक बार सोचे, चाहे वह मेरे बारे में कुछ भी सोचता हो।"
ऑल्टमैन ने संकेत दिया कि हाल ही में उनके खिलाफ लिखे गए कुछ आक्रामक लेखों और AI के कारण भविष्य में आने वाले आर्थिक बदलावों के डर ने इस तरह की हिंसा को हवा दी है।
सैम ऑल्टमैन ने इस स्थिति से निपटने के लिए ठोस नीतिगत उपायों और सामाजिक प्रतिक्रिया की मांग की है। उन्होंने कहा कि तकनीक के कारण होने वाले आर्थिक बदलावों के बीच लोगों की घबराहट को कम करना जरूरी है। उनका मानना है कि इसका एकमात्र समाधान तकनीक को व्यापक रूप से लोगों के साथ साझा करना और इसे लोकतांत्रिक नियंत्रण में रखना है, ताकि किसी एक व्यक्ति या संस्था के पास पूर्ण अधिकार न रहे।
Leave A Reviews