नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। लखनऊ में समाजवादी पार्टी में बड़ी संख्या में दूसरे दलों के नेताओं के शामिल होने का सिलसिला जारी है। इसको लेकर समाजवादी पार्टी के सांसदों ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है और आगामी चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति पर बात की है।
![]()
नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। लखनऊ में समाजवादी पार्टी में बड़ी संख्या में दूसरे दलों के नेताओं के शामिल होने का सिलसिला जारी है। इसको लेकर समाजवादी पार्टी के सांसदों ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है और आगामी चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति पर बात की है।
समाजवादी पार्टी में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि कई दलों के नेता आज समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार से आम लोगों का विश्वास उठ गया है। चाहे युवा हो, चाहे किसान हो, चाहे व्यापारी हो, सभी वर्ग निराश हैं।
अवधेश प्रसाद ने कहा कि आज अगर किसी पर जनता का भरोसा बढ़ा है तो केवल एक ही नेता पर, जिनका नाम अखिलेश यादव है। इसलिए उनकी नीतियों से प्रभावित होकर बड़ी तादाद में लोग समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
समाजवादी पार्टी के सांसद नीरज मौर्य ने भी इस जॉइनिंग पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है। उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और इस बदलाव के लिए पूरे राज्य से लोग सपा से जुड़ रहे हैं। उनका स्वागत है।
मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा पीएम मोदी के पिता को लेकर दिए गए बयान पर भी सपा सांसद नीरज मौर्य ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुझे लग रहा है कि वह बहुत आक्रोश में यह बात कह गए। कोई भी ऐसी बात नहीं की जानी चाहिए।
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के इस बयान पर कि समाजवादी पार्टी में मुसलमानों का सम्मान नहीं होता है, सपा सांसद ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, "वह क्या कर रहे हैं, क्या नहीं कर रहे हैं, मुझे नहीं पता। लेकिन आज उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव चाह रही है। अगर वह भी चाहते हैं कि बदलाव हो और भारतीय जनता पार्टी को हटाना चाहते हैं, तो उन्हें उत्तर प्रदेश में बिना किसी शर्त के समाजवादी पार्टी का साथ देना चाहिए।"
सपा के साइकिल बांटने के कार्यक्रम को प्रशासन द्वारा अनुमति न दिए जाने पर उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन अपने अधिकारों का दुरुपयोग कर रहा है। अगर साइकिल बांटी जा रही है तो इसमें क्या बुराई है। आप भी बांटिए, आपको कौन रोक रहा है। लेकिन वे डरे हुए हैं, वे जान रहे हैं कि बदलाव हो रहा है। इसलिए गलत रास्ते से लोगों के कार्यक्रमों को निरस्त करना और हमारे लोगों को परेशान करना उनकी आदत बन गई है।
1 नवंबर को प्रस्तावित विपक्ष की रैली और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर लगे पोस्टरों पर सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी का पूरा फोकस उत्तर प्रदेश में है और हम लोग उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने के लिए काम कर रहे हैं। सीटों का बंटवारा राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। दोनों पार्टियों का नेतृत्व बैठकर तय करेगा।
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस
Leave A Reviews