बीजिंग, 25 नवंबर (आईएएनएस)। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने चीन-पाकिस्तान के संयुक्त अंतरिक्ष उड़ान मिशन की सफलता पर एक-दूसरे को बधाई संदेश भेजे।

बीजिंग, 25 नवंबर (आईएएनएस)। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने चीन-पाकिस्तान के संयुक्त अंतरिक्ष उड़ान मिशन की सफलता पर एक-दूसरे को बधाई संदेश भेजे।
शी चिनफिंग ने कहा कि यह जानकर खुशी हुई कि पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री ने चीनी शनचो अंतरिक्ष यान के जरिए पहली बार सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में प्रवेश किया है और वह चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री बने हैं। उन्होंने चीनी सरकार और जनता की ओर से पाकिस्तान की सरकार और जनता के साथ-साथ दोनों देशों के अंतरिक्ष यात्रियों और इस मिशन से जुड़े वैज्ञानिकों को हार्दिक बधाई दी।
शी चिनफिंग ने कहा कि चीन और पाकिस्तान हर मौसम में साथ निभाने वाले रणनीतिक साझेदार हैं। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्षों के दौरान उनकी मित्रता हमेशा मजबूत और अटूट रही है। दोनों देशों के अंतरिक्ष यात्रियों का साथ मिलकर अंतरिक्ष की ओर बढ़ना चीन-पाकिस्तान की गहरी दोस्ती का जीवंत प्रतीक है। साथ ही, यह दोनों देशों के सहयोग की दिशा में एक नई महत्वपूर्ण उपलब्धि भी है।
उन्होंने जोर दिया कि चीन का अंतरिक्ष स्टेशन शांति, मित्रता और सहयोग का प्रतीक है। चीन, पाकिस्तान समेत सभी देशों के साथ मिलकर अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने, अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने, अंतरिक्ष के वैश्विक प्रबंधन को बेहतर बनाने और अंतरिक्ष अनुसंधान के लाभ पूरी मानवता तक पहुंचाने के लिए तैयार है।
वहीं, आसिफ अली जरदारी ने कहा कि चीन और पाकिस्तान के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर दोनों देशों ने अंतरिक्ष सहयोग के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। पाकिस्तान का पहला अंतरिक्ष यात्री चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचा है। उन्होंने पाकिस्तान सरकार और जनता की ओर से चीन की सरकार और वहां की जनता का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
जरदारी ने कहा कि इस सहयोग ने चीन की अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक में शानदार उपलब्धियों को दुनिया के सामने रखा है। साथ ही, यह अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण उपयोग के प्रति चीन की प्रतिबद्धता और मानवता के साझा भविष्य के निर्माण के महत्व को भी दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस ऐतिहासिक मिशन से पाकिस्तान और चीन की दोस्ती और मजबूत होगी तथा दोनों देशों के रणनीतिक साझेदारी संबंध नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/
Leave A Reviews