पटना, 11 मई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को सहयोग शिविर से संबंधित सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 एवं सहयोग पोर्टल रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम का रिमोट के माध्यम से लोकार्पण किया। इस पोर्टल के जरिए लोगों की समस्याओं का जल्द निराकरण किया जाएगा।
![]()
पटना, 11 मई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को सहयोग शिविर से संबंधित सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 एवं सहयोग पोर्टल रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम का रिमोट के माध्यम से लोकार्पण किया। इस पोर्टल के जरिए लोगों की समस्याओं का जल्द निराकरण किया जाएगा।
इस मौके पर सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि 'सबका सम्मान जीवन आसान' निश्चय के तहत बिहार सरकार आम नागरिकों की समस्याओं को प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से समाधान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी कई यात्राएं करके लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने की हर संभव कोशिश करते रहे हैं। हमलोगों ने यह तय किया है कि अब पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर लगाकर समस्याओं का निपटारा 30 दिनों के अंदर किया जाएगा। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक इसका रियल टाइम मॉनिटरिंग करेंगे।
सहयोग शिविर में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी लोगों की समस्याओं का समाधान त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से 30 दिनों के अंदर हर हाल में सुनिश्चित करेंगे। इसके लिए प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को बिहार के सभी पंचायतों में सहयोग शिविर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अगर 30 दिनों के अंदर संबंधित पदाधिकारी आवेदन का निष्पादन कर आदेश पारित नहीं करते हैं, फाइल अटकाते हैं या इस काम में कोताही बरतते हैं तो वह स्वतः 31वें दिन निलंबित हो जाएंगे। सहयोग शिविर के काम में कोताही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध ऑनलाइन पोर्टल पर ही उनके सस्पेंड होने का फॉर्मेट जेनरेट हो जाएगा, ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने साफ तौर पर कहा कि जब तक लोगों के आवेदन आने बंद नहीं होंगे तब तक यह सहयोग शिविर चलता रहेगा। इसका मूल मकसद लोगों की समस्याओं का यथाशीघ्र निष्पादन करना है।
उन्होंने कहा कि सहयोग पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन के अलावा मामले के निष्पादन के बाद ऑनलाइन ऑर्डर देखने की भी सुविधा उपलब्ध होगी। सभी पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का निर्माण किया जा रहा है। हमलोगों की यह कोशिश है कि पंचायत का काम पंचायत स्तर पर ही हो सके। हमलोगों का यही प्रयास है कि लोगों का जीवन आसान बने। आप सभी के सहयोग से ही बिहार समृद्ध होगा और लोगों का जीवन आसान बनेगा। कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी संबोधित किया।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी
Leave A Reviews