Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

सिंधु जल संधि पर अपने ही बयानों से जुड़े सवालों से बचते नजर आए पाक‍िस्‍तानी मंत्री, जान‍िए क्‍या बोले


नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने सिंधु जल संधि (आईडब्‍ल्‍यूटी) पर सवालों को टालते हुए कहा कि उन्हें इस मुद्दे पर भारत के साथ चर्चा के लिए नहीं बुलाया गया है। मलिक ने कहा, "जब आप मुझे सिंधु जल संधि पर चर्चा के लिए बुलाएंगे, तब हम उस पर जरूर बात करेंगे।"

नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने सिंधु जल संधि (आईडब्‍ल्‍यूटी) पर सवालों को टालते हुए कहा कि उन्हें इस मुद्दे पर भारत के साथ चर्चा के लिए नहीं बुलाया गया है। मलिक ने कहा, "जब आप मुझे सिंधु जल संधि पर चर्चा के लिए बुलाएंगे, तब हम उस पर जरूर बात करेंगे।"

पाक‍िस्‍तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक नई दिल्ली में एससीओ 'सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम' में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे थे। इस दौरान मसूद मलिक सिंधु जल संधि (आईडब्‍ल्‍यूटी) पर अपने पहले दिए गए बयानों से जुड़े पत्रकारों के सवालों को टालते हुए नजर आए।

उन्होंने कहा, "जब आप मुझे सिंधु जल संधि पर चर्चा के लिए बुलाएंगे, तब हम उस पर जरूर बात करेंगे। इस समय आपने मुझे उस विषय पर बात करने के लिए आमंत्रित नहीं किया है।"

जून में मलिक ने भारत के 1960 की सिंधु जल संधि को स्थगित करने के फैसले की आलोचना की थी। तब उन्होंने कहा था कि जो भी पाकिस्तान के हिस्से का पानी छीनने की कोशिश करेगा, उसका 'हाथ काट दिया जाएगा।'

भारत-पाकिस्तान के द्विपक्षीय संबंधों पर पूछे गए सवाल पर मलिक ने कहा कि उन्हें भारत के साथ किसी भी द्विपक्षीय वार्ता के लिए नहीं बुलाया गया है। उन्होंने कहा, "मुझे एक बार भी द्विपक्षीय बातचीत के लिए नहीं बुलाया गया। जब इस दिशा में कोई औपचारिक कदम उठेगा, तब मैं उससे जुड़े सवालों का जवाब दूंगा। बिना किसी व्यवस्था के हम द्विपक्षीय मुद्दों पर कैसे चर्चा कर सकते हैं?"

मलिक ने कहा कि अगर भारत किसी खास मुद्दे पर बातचीत के लिए आमंत्रित करता है, तो वह चर्चा में शामिल होने के लिए तैयार हैं। उनके मुताबिक, "जब आप उन खास मुद्दों पर चर्चा के लिए बुलाएंगे, मैं वहां मौजूद रहूंगा लेकिन पहले आपको निमंत्रण देना होगा। आप बताइए कि आप द्विपक्षीय बातचीत करना चाहते हैं, तब मैं जरूर शामिल होऊंगा।"

भारत ने अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंधु जल संधि को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया था। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। भारत ने कहा था कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देना विश्वसनीय और स्थायी रूप से बंद नहीं करता, तब तक संधि स्थगित रहेगी।

इससे पहले शुक्रवार को भी मलिक ने पाकिस्तान की आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवालों से बचते हुए कहा था कि वह नई दिल्ली एक बहुपक्षीय मंच के लिए आए हैं और इतने बड़े मुद्दों पर द्विपक्षीय स्तर पर चर्चा नहीं करना चाहते।

उन्होंने कहा, "मैं यहां एक बहुपक्षीय मंच में भाग लेने आया हूं और चाहता हूं कि यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक हो। ये मुद्दे बहुत व्यापक हैं। आपने हमारे पड़ोस में ईरान से जुड़े कुछ मुद्दे देखे हैं, मध्य एशिया में कई चुनौतियां हैं, अफगानिस्तान से जुड़े भी कई मामले हैं।"

मलिक की यह यात्रा इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि 2023 में गोवा में हुई एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद यह किसी पाकिस्तानी मंत्री की भारत की पहली यात्रा है।

--आईएएनएस

एवाई/वीसी

Date & Time : 2026-11-23 00:00:03

Share:

Leave A Reviews

Related News