
सतना। शुक्रवार सुबह सतना जिले के ऊंचेहरा रेलवे स्टेशन पर जबलपुर-रीवा एक्सप्रेस के एक कोच से धुआं निकलने के कारण कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना सुबह करीब 11 बजे की है, जब ट्रेन स्टेशन पर पहुंची थी। कोच से धुआं उठता देख यात्रियों ने तुरंत रेल कर्मचारियों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर उतार दिया। इसके बाद स्टेशन पर मौजूद रेल अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और कोच की जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि कोच क्रमांक 114674 के पहिए में ब्रेक बाइंडिंग होने के कारण धुआं उठ रहा था। तकनीकी कर्मचारियों ने तत्काल जांच कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे कोच की सावधानीपूर्वक जांच की गई।
घटना में किसी भी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा और सभी यात्री सुरक्षित रहे। तकनीकी टीम की जांच के बाद ट्रेन को आगे रवाना करने की अनुमति दे दी गई। करीब 36 मिनट तक ऊंचेहरा स्टेशन पर खड़ी रहने के बाद ट्रेन अगले स्टेशन के लिए रवाना हो गई।
रेलवे प्रशासन ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave A Reviews