Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

पन्ना-कटनी मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक ने मादा सांभर को मारी टक्कर, मौके पर मौत


पन्ना जिले में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पन्ना-कटनी मार्ग पर गुरुवार 24 सितंबर को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मादा सांभर की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना उत्तर वन मंडल के पन्ना वन परिक्षेत्र अंतर्गत आने वाली जनवार बीट (कक्ष क्रमांक P-411) में यूनिवर्सल केबिल्स फैक्ट्री के समीप घटित हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पार कर रही मादा सांभर को एक तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने सीधे जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शी सुनील सिंह और टाइगर खान ने बताया कि दोपहिया वाहन की गति अत्यधिक तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सांभर और बाइक सवार दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। दुर्घटना में बाइक चालक को भी गंभीर चोटें आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वह लहूलुहान हालत में ही अपनी बाइक उठाकर तुरंत मौके से फरार होने में सफल रहा। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय ग्रामीण व राहगीर बड़ी संख्या में एकत्र हो गए।

संवेदनशील वन क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर व चेतावनी बोर्ड का अभाव, लगातार बढ़ रहे हादसे

पन्ना-कटनी राजमार्ग का यह संपूर्ण हिस्सा उत्तर वन मंडल के घने और संवेदनशील वन्यजीव गलियारे से होकर गुजरता है। पन्ना टाइगर रिजर्व और आसपास के बफर जंगलों से जुड़े होने के कारण इस मार्ग पर हिरण, सांभर, नीलगाय और तेंदुए जैसे वन्यजीवों की लगातार आवाजाही बनी रहती है।

स्थानीय ग्रामीणों और वन्यजीव प्रेमियों का आरोप है कि वन क्षेत्र से गुजरने वाले इस मुख्य राजमार्ग पर वाहनों की अनियंत्रित गति को नियंत्रित करने के लिए लोक निर्माण विभाग और वन अमले द्वारा कोई ठोस प्रबंध नहीं किए गए हैं। संवेदनशील क्रॉसिंग पॉइंट्स पर स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप्स और आवश्यक वन्यजीव चेतावनी संकेतकों (Signboards) का अभाव है, जिसके चलते भारी और हल्के वाहन तेज रफ्तार में दौड़ते हैं और आए दिन मूक वन्यजीव असमय काल के गाल में समा रहे हैं।

वन विभाग ने शव को कब्जे में लिया, सीसीटीवी फुटेज और अस्पतालों से तलाश जारी

सड़क हादसे की सूचना मिलते ही उत्तर वन मंडल का गश्ती दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। वनकर्मियों ने मृत मादा सांभर के शव को कब्जे में लेकर विधिक पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, फरार बाइक सवार का सुराग लगाने के लिए यूनिवर्सल केबिल्स फैक्ट्री और राजमार्ग पर लगे आसपास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही पन्ना व कटनी जिले के नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सरकारी अस्पतालों और निजी क्लीनिकों से भी संपर्क साधा जा रहा है, ताकि इलाज के लिए पहुंचने वाले संदिग्ध घायल बाइक चालक की पहचान कर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

Date & Time : 2026-09-24 13:36:00

Share:

Leave A Reviews

Related News