
पाटन. मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के पाटन कृषि उपज मंडी परिसर से चोरी का एक ऐसा अजीबोगरीब और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान है। चोरों ने बड़ी ही चालाकी से मंडी परिसर के अंदर खड़े एक ट्रक को पहले बाहर निकाला, उसमें लदी करीब 80 क्विंटल मूंग को दूसरे वाहन में शिफ्ट किया और फिर खाली ट्रक को चुपचाप वापस उसी जगह पर लाकर खड़ा कर दिया ताकि किसी को शक न हो। इस अजब चोरी में व्यापारी को करीब साढ़े चार लाख रुपए का फटका लगा है। यह पूरी घटना 15-16 जून की दरमियानी रात की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पाटन के स्थानीय अनाज व्यापारी विकास अग्रवाल ने किसानों से 134 बोरी मूंग (वजन करीब 80 क्विंटल) खरीदी थी। सुरक्षा के लिहाज से उन्होंने मूंग से भरे इस ट्रक को रात में मंडी परिसर के अंदर ही पार्क करवा दिया था, ताकि अगली सुबह इस माल को जबलपुर भेजा जा सके।
मंगलवार (16 जून) की सुबह जब विकास अग्रवाल मंडी पहुंचे, तो ट्रक हूबहू अपनी तय जगह पर ही खड़ा था। लेकिन जैसे ही उन्होंने ट्रक के पिछले हिस्से को देखा, उनके होश उड़ गए। ट्रक के अंदर रखीं मूंग की सभी 134 बोरियां गायब थीं। खाली ट्रक देखकर व्यापारी ने मंडी में हर तरफ अनाज की तलाश की, लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो तुरंत पाटन थाना पुलिस को सूचना दी गई।
व्यापारी की शिकायत पर हरकत में आई पाटन पुलिस ने मंडी परिसर और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज देखने के बाद पुलिस के सामने चोरों का हैरान करने वाला मास्टरप्लान आया:
रात 1 से 2 बजे के बीच: सीसीटीवी में साफ दिख रहा है कि रात के सन्नाटे में 2 से 3 संदिग्ध आरोपी मंडी के अंदर घुसते हैं और मूंग से भरे उस ट्रक को स्टार्ट कर मंडी से बाहर ले जाते हैं।
प्लान्ड वारदात: पुलिस का अनुमान है कि चोरों ने मंडी से कुछ दूरी पर ले जाकर ट्रक में लदा सारा अनाज किसी दूसरे पिकअप या मिनी ट्रक में पलटा और पकड़े जाने के डर से खाली ट्रक को वापस लाकर मंडी में उसी स्पॉट पर पार्क कर दिया।
इस सनसनीखेज वारदात ने मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पाटन मंडी सचिव फूलसिंह ने बताया कि मंडी परिसर में सुरक्षा के लिए 24 घंटे चौकीदारों की तैनाती रहती है और घटना वाली रात भी गार्ड ड्यूटी पर मुस्तैद थे। पूछताछ में चौकीदारों ने दलील दी कि वे उस वक्त मंडी परिसर के बाहरी गेट की तरफ गश्त (Patrolling) कर रहे थे, और शायद इसी का फायदा उठाकर चोरों ने अंदर घुसकर इस अनोखी वारदात को अंजाम दे दिया।
पाटन थाना प्रभारी जी.एस. राजपूत का बयान: "व्यापारी विकास अग्रवाल की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे संदिग्धों के हुलये के आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस की एक टीम मुखबिरों को भी एक्टिव कर चुकी है, दावा है कि जल्द ही आरोपियों को माल समेत गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
Leave A Reviews