मुंबई, 22 मई (आईएएनएस)। मशहूर कॉमेडियन और गायिका सुगंधा मिश्रा को लोग उनकी शानदार कॉमिक टाइमिंग के लिए जानते हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि उनका पहला सपना कॉमेडियन बनना नहीं था। सुगंधा बचपन से एक बड़ी शास्त्रीय गायिका बनना चाहती थीं। उन्होंने महज 14 साल की उम्र में ही प्रोफेशनल तौर पर गाना शुरू कर दिया था। धीरे-धीरे उनका सफर कॉमेडी की दुनिया की ओर मुड़ गया और आज वह टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा बन चुकी हैं।
![]()
मुंबई, 22 मई (आईएएनएस)। मशहूर कॉमेडियन और गायिका सुगंधा मिश्रा को लोग उनकी शानदार कॉमिक टाइमिंग के लिए जानते हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि उनका पहला सपना कॉमेडियन बनना नहीं था। सुगंधा बचपन से एक बड़ी शास्त्रीय गायिका बनना चाहती थीं। उन्होंने महज 14 साल की उम्र में ही प्रोफेशनल तौर पर गाना शुरू कर दिया था। धीरे-धीरे उनका सफर कॉमेडी की दुनिया की ओर मुड़ गया और आज वह टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा बन चुकी हैं।
सुगंधा मिश्रा का जन्म 23 मई 1988 को पंजाब के जालंधर में हुआ था। उनका परिवार संगीत से गहराई से जुड़ा हुआ था। वह प्रसिद्ध इंदौर घराने से ताल्लुक रखती हैं और उनके परिवार की कई पीढ़ियां संगीत से जुड़ी रही हैं। घर में हमेशा रियाज और सुरों का माहौल रहता था। यही वजह थी कि बचपन से ही उनका मन संगीत में बस गया था। उनके दादाजी पंडित शंकर लाल मिश्रा शास्त्रीय संगीत के बड़े जानकार थे और उन्होंने ही सुगंधा को संगीत की शुरुआती शिक्षा दी।
सुगंधा ने बहुत छोटी उम्र से गाना सीखना शुरू कर दिया था। वह घंटों बैठकर संगीत का अभ्यास किया करती थीं। सिर्फ 14 साल की उम्र में उन्होंने प्रोफेशनल तौर पर स्टेज पर गाना शुरू कर दिया था। उनकी आवाज में मिठास और शास्त्रीय संगीत की गहरी समझ साफ दिखाई देती थी। धीरे-धीरे उन्होंने स्थानीय कार्यक्रमों और सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी पहचान बना ली।
पढ़ाई के साथ-साथ संगीत भी उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा बना रहा। उन्होंने गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी और एपीजे कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स से संगीत की पढ़ाई की। कॉलेज के दिनों में वह कई यूथ फेस्टिवल में हिस्सा लिया करती थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात कपिल शर्मा से हुई थी। दोनों एक ही कॉलेज से जुड़े थे और कई कार्यक्रमों में साथ काम करते थे। उस समय सुगंधा का पूरा ध्यान गायकी पर था, जबकि कपिल थिएटर और कॉमेडी में सक्रिय थे।
सुगंधा मुंबई एक सिंगिंग करियर बनाने के सपने के साथ आई थीं। उन्होंने शुरुआत में बिग एफएम में रेडियो जॉकी के तौर पर काम किया। इसके बाद उन्होंने कई जिंगल्स, भजन और डॉक्यूमेंट्री फिल्मों के लिए गाने गाए। उनकी आवाज लोगों को पसंद आने लगी थी। बाद में उन्होंने मशहूर सिंगिंग रियलिटी शो 'सा रे गामा मा पा' में हिस्सा लिया। इस शो में उन्होंने अपनी गायकी से जज और दर्शकों को प्रभावित किया और फाइनलिस्ट तक पहुंचीं।
हालांकि इसके बाद उनकी जिंदगी में बड़ा मोड़ आया। उन्हें 'द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' के ऑडिशन के लिए चुना गया। यहां उन्होंने अपनी कॉमिक टाइमिंग और मिमिक्री से सबको चौंका दिया। धीरे-धीरे उनकी पहचान एक कॉमेडियन के रूप में बनने लगी। इसके बाद उन्होंने 'कॉमेडी नाइट्स विद् कपिल', 'द कपिल शर्मा शो' और कई दूसरे लोकप्रिय शोज में काम किया। 'विद्यावती' टीचर का उनका किरदार लोगों को खूब पसंद आया।
कॉमेडी में सफलता मिलने के बाद भी सुगंधा ने संगीत से दूरी नहीं बनाई। उन्होंने फिल्मों में भी अपनी आवाज दी। 'कमाल धमाल मालामाल' और 'श्री' जैसी फिल्मों में उनके गाने सुनने को मिले। इसके अलावा वह कई स्टेज शो और लाइव म्यूजिक परफॉर्मेंस का भी हिस्सा बनती रही हैं।
निजी जिंदगी की बात करें तो सुगंधा ने साल 2021 में कॉमेडियन संकेत भोसले से शादी की। साल 2023 में दोनों एक बेटी के माता-पिता बने।
--आईएएनएस
पीके/वीसी
Leave A Reviews