
चेन्नई. तमिल टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री सुभाषिनी सुब्रमण्यम (36) के निधन की खबर ने पूरी इंडस्ट्री को हिला कर रख दिया है. सुभाषिनी का शव चेन्नई के इयप्पंथंगल स्थित उनके किराए के अपार्टमेंट में मिला है. शुरुआती पुलिस जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है.
मौत से पहले हुआ था पति से विवाद
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुभाषिनी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से जूझ रही थीं. उन्होंने 2024 में बिपिन चंद्रन से शादी की थी, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच अनबन चल रही थी और वे अलग रह रहे थे. बताया जा रहा है कि 6 अप्रैल को मौत से ठीक पहले सुभाषिनी का अपने पति बिपिन के साथ वीडियो कॉल पर तीखा झगड़ा हुआ था, जिसके बाद उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया.
श्रीलंका से चेन्नई तक का सफर
मूल रूप से श्रीलंका की रहने वाली सुभाषिनी काम के सिलसिले में चेन्नई में बस गई थीं. उन्होंने 2012 में फिल्म 'इनी अवन' से अपने करियर की शुरुआत की थी. उन्हें सबसे बड़ी पहचान लोकप्रिय टीवी शो 'कायल' में दीपिका के किरदार से मिली. इसके अलावा उन्होंने 'वेब' और 'इल्लाम मेला इरुकुरवन पाथुप्पन' जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया था.
सोशल मीडिया पर आखिरी पोस्ट
सुभाषिनी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और इंस्टाग्राम पर उनके 4.5 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे. अपनी मौत से महज दो दिन पहले उन्होंने जिंदगी के सार को लेकर एक पोस्ट साझा की थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है.
Leave A Reviews