
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए मतदान से महज नौ दिन पहले भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को चेन्नई में अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन और के. अन्नामलाई सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। भाजपा ने इस बार 'नारी शक्ति' पर बड़ा दांव खेलते हुए ऐलान किया है कि यदि राज्य में एनडीए की सरकार बनती है, तो प्रत्येक घर की महिला मुखिया को हर महीने 2,000 रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।
इसके साथ ही हर परिवार को एक बार 10,000 रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता देने का भी वादा किया गया है। पार्टी ने मध्य प्रदेश की 'लाडली बहना' योजना की तर्ज पर तमिलनाडु की महिला मतदाताओं को लुभाने के लिए पोंगल, तमिल नववर्ष और दीपावली के शुभ अवसरों पर साल में कुल तीन मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर देने का भी संकल्प लिया है।
भाजपा का घोषणापत्र न केवल आर्थिक मदद बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण पर भी विशेष केंद्रित है। पार्टी ने वादा किया है कि एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा और पीड़ितों व गवाहों के संरक्षण के लिए कड़े उपाय किए जाएंगे। विशेष रूप से यौन अपराधों जैसे जघन्य मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्थापना की जाएगी और निर्भया कोष का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित कर महिला सुरक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा।
आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए महिलाओं के नेतृत्व वाली सहकारी समितियों, स्वयं सहायता समूहों और लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) को विशेष प्रोत्साहन और सरकारी मदद देने की बात भी घोषणापत्र में प्रमुखता से कही गई है। सांस्कृतिक और धार्मिक मोर्चे पर भी भाजपा ने अपने एजेंडे को स्पष्ट कर दिया है।
भगवान मुरुगन के प्रति आस्था को देखते हुए 'थाईपूसम' को राज्य उत्सव घोषित करने का वादा किया गया है। इसके अलावा तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर 'कार्तिगई दीपम' प्रज्वलित करने की प्राचीन परंपरा को पुनर्जीवित और संरक्षित करने की घोषणा की गई है, जो राज्य में लंबे समय से विवाद का विषय रही है।
इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में पार्टी ने तमिलनाडु को हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर से जोड़ने, नई वंदे भारत ट्रेनें चलाने और सार्वजनिक स्थानों, स्कूलों व बसों में 100 प्रतिशत सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है। गौरतलब है कि भाजपा इस चुनाव में एआईएडीएमके के साथ गठबंधन में 27 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और दोनों दलों ने कल्याणकारी योजनाओं के जरिए डीएमके के गढ़ में सेंध लगाने की रणनीति बनाई है।
घोषणापत्र जारी करने के दौरान जेपी नड्डा ने सत्तारूढ़ डीएमके सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए उसे 'परिवारवादी' और 'भ्रष्ट' करार दिया। नड्डा ने आरोप लगाया कि एमके स्टालिन की सरकार के दौरान तमिलनाडु अपराध का केंद्र बन गया है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने स्टालिन परिवार पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी में सत्ता केवल कुछ चेहरों उदयनिधि, कनिमोझी और सबरीसन तक सीमित है।
नड्डा ने दावा किया कि डीएमके ने राज्य के युवाओं, किसानों और विशेषकर महिलाओं के विश्वास के साथ छल किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि तमिलनाडु की जनता इस बार प्रधानमंत्री मोदी के विकास कार्यों और भाजपा के सांस्कृतिक संरक्षण के संकल्प पर मुहर लगाकर डीएमके के कुशासन का अंत करेगी।
Leave A Reviews