
रायबरेली. उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर हर कोई दंग है. यहाँ एक घर में शहनाइयां बजने वाली थीं, खुशियों का माहौल था और द्वारपूजा के लिए बारात का इंतजार हो रहा था. लेकिन न तो बारात आई और न ही दूल्हा. घंटों इंतजार के बाद जब दुल्हन पक्ष ने दूल्हे के घर संपर्क किया, तो जो हकीकत सामने आई उसने सबके होश उड़ा दिए.
क्या है पूरा मामला?
मामला सरेनी थाना क्षेत्र के रासीगांव का है. यहाँ की निवासी सुमन (पिता स्व. रामकुमार साहू) का विवाह उन्नाव जिले के अजगैन थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर निवासी प्रवेश उर्फ रिंकू के साथ तय हुआ था. मंगलवार को शादी की तारीख थी. घर में रिश्तेदार जुटे थे, हलवाई पकवान बना रहे थे और पूरा गांव बारात के स्वागत के लिए तैयार खड़ा था. लेकिन जैसे-जैसे घड़ी की सुइयां आगे बढ़ती गईं, दुल्हन पक्ष की धड़कनें तेज होने लगीं क्योंकि बारात का कहीं अता-पता नहीं था.
धोखे की निकली दास्तान
जब काफी देर तक बारात नहीं पहुँची, तो सुमन के परिजनों ने दूल्हे प्रवेश के घर फोन किया. पहले तो टालमटोल की गई, लेकिन बाद में पता चला कि दूल्हा प्रवेश उर्फ रिंकू ने पहले ही किसी दूसरी लड़की से कोर्ट मैरिज कर ली है. यह खबर मिलते ही शादी वाले घर में मातम पसर गया. दुल्हन के परिजनों का आरोप है कि लड़के वालों ने उन्हें धोखे में रखा और तिलक-बरीक्षा के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लिए.
10 लाख रुपये का हुआ नुकसान
परिजनों के अनुसार, तिलक से लेकर शादी की तैयारियों तक लगभग 10 लाख रुपये खर्च हो चुके थे. अपनी मेहनत की कमाई को इस तरह बर्बाद होते देख और बेटी के सम्मान पर आंच आते देख परिवार का गुस्सा फूट पड़ा.
थाने पहुँची दुल्हन, पुलिस से की शिकायत
धोखाधड़ी से आहत होकर दुल्हन सुमन खुद अपने परिजनों और ग्रामीणों के साथ देर रात सरेनी थाने पहुँची. यहाँ उसने दूल्हे और उसके परिवार के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
Leave A Reviews