Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

तिरुवनंतपुरम के विकास के लिए अहमदाबाद मॉडल अपनाएगा नगर निगम, 'ट्विन सिटी' पहल को मंजूरी


तिरुवनंतपुरम, 12 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा के नेतृत्व वाले तिरुवनंतपुरम नगर निगम ने केरल की राजधानी के विकास का रोडमैप तैयार करने के लिए गुजरात के अहमदाबाद की मदद लेने का फैसला किया है। इसके जरिए वे शहरी प्रशासन के गुजरात मॉडल को यहां लागू करना चाहते हैं।

तिरुवनंतपुरम, 12 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा के नेतृत्व वाले तिरुवनंतपुरम नगर निगम ने केरल की राजधानी के विकास का रोडमैप तैयार करने के लिए गुजरात के अहमदाबाद की मदद लेने का फैसला किया है। इसके जरिए वे शहरी प्रशासन के गुजरात मॉडल को यहां लागू करना चाहते हैं।

तिरुवनंतपुरम और अहमदाबाद के बीच यह प्रस्तावित साझेदारी 'ट्विन सिटी' (जुड़वां शहरों) के रूप में काम करेगी। यह कदम तब उठाया गया है जब भाजपा ने नगर निगम में सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाले एलडीएफ के लगभग 45 साल पुराने शासन को खत्म कर पहली बार सत्ता संभाली है। पिछले साल दिसंबर में वीवी राजेश यहां के मेयर बने थे।

इस पहल का उद्देश्य शहरी प्रशासन, कचरा प्रबंधन (वेस्ट मैनेजमेंट), बुनियादी ढांचे के विकास और संसाधनों को जुटाने के मामले में अहमदाबाद के अनुभवों का लाभ उठाना है। राज्य सरकार ने इस सहयोग ढांचे को मंजूरी दे दी है और अब नगर निगम इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए परिषद से अनुमति मांग रहा है।

ये दोनों निकाय कचरा प्रबंधन, सड़क विकास, तकनीक के आदान-प्रदान और बड़े बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए फंड जुटाने में एक-दूसरे का सहयोग करेंगे। संसाधन जुटाने के लिए म्युनिसिपल बॉन्ड (नगर निगम बॉन्ड) की संभावना तलाशना इस पहल के अहम पहलुओं में से एक है।

अहमदाबाद ने बड़े शहरी विकास कार्यों के लिए फंड जुटाने में इसी वित्तीय मॉडल का इस्तेमाल किया है। शुरुआत में राजधानी के पांच प्रमुख जल निकायों पार्वती पुथनार, करमना नदी, अमायिझानचन थोडु, किल्लियार और अक्कुलम झील की सफाई और कायाकल्प पर ध्यान दिया जाएगा।

नगर निगम, वैज्ञानिक तरीके से कचरा प्रसंस्करण (वेस्ट प्रोसेसिंग) के मामले में भी अहमदाबाद के अनुभवों का उपयोग करना चाहता है। इसमें ट्रीटमेंट प्लांट लगाना और कचरे से ऊर्जा बनाने वाली सुविधाएं (वेस्ट-टू-एनर्जी फैसिलिटी) स्थापित करना शामिल है।

इस सहयोग में ट्रैफिक प्रबंधन, सड़क बुनियादी ढांचा, ई-गवर्नेंस और प्रशासनिक कार्यप्रणालियां भी शामिल होंगी। दोनों शहरों के अधिकारी तकनीकी विशेषज्ञता का आदान-प्रदान करेंगे और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

यह साझेदारी मेयर राजेश की अहमदाबाद यात्रा के बाद हुई है। वहां उन्होंने अहमदाबाद की शहरी विकास पहलों का अध्ययन किया था, जिनमें साबरमती रिवरफ्रंट, कचरा प्रबंधन सुविधाएं और बुनियादी ढांचा परियोजनाएं शामिल हैं।

मेयर राजेश के नेतृत्व में आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत भी की।

इस दौरान दोनों शहरों के बीच एक 'ट्विन सिटी' समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए गए। भाजपा के लिए यह पहल तिरुवनंतपुरम में अपने विकास मॉडल को प्रदर्शित करने का एक अवसर भी है, जहां उसने शहरी प्रशासन में अपनी पहली बड़ी सफलता हासिल की है।

अहमदाबाद के अनुभव को तिरुवनंतपुरम में कितनी सफलतापूर्वक लागू किया जा सकेगा, यह फंडिंग, क्रियान्वयन और सभी हितधारकों के सहयोग पर निर्भर करेगा।

--आईएएनएस

एएसएच/वीसी

Date & Time : 2026-11-12 16:15:02

Share:

Leave A Reviews

Related News