Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

ट्रंप का दावा- व्हाइट हाउस में 'ड्रोन-प्रूफ' बॉलरूम, यह वाशिंगटन की सबसे खूबसूरत इमारतों में से एक होगा


वाशिंगटन, 20 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में बन रहे नए बॉलरूम प्रोजेक्ट को बेहद सुरक्षित और आधुनिक इमारत बताया है। उन्होंने कहा कि यह सैन्य स्तर की ऐसी संरचना होगी, जो ड्रोन हमलों से भी सुरक्षित रहेगी और वॉशिंगटन की सबसे खूबसूरत इमारतों में शामिल होगी।

वाशिंगटन, 20 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में बन रहे नए बॉलरूम प्रोजेक्ट को बेहद सुरक्षित और आधुनिक इमारत बताया है। उन्होंने कहा कि यह सैन्य स्तर की ऐसी संरचना होगी, जो ड्रोन हमलों से भी सुरक्षित रहेगी और वॉशिंगटन की सबसे खूबसूरत इमारतों में शामिल होगी।

निर्माण स्थल का दौरा करते हुए ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि इस प्रोजेक्ट के लिए पैसा वह खुद और कुछ निजी दानदाता दे रहे हैं। उनके मुताबिक, यह इमारत सिर्फ समारोहों के लिए नहीं होगी, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से भी अहम भूमिका निभाएगी।

ट्रंप ने कहा, "यह संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए एक तोहफा है। और एक तोहफ़े से भी बढ़कर, यह देश या वाशिंगटन में अब तक बनी सबसे खूबसूरत इमारतों में से एक होगी।"

उन्होंने बताया कि बॉलरूम की छत को बेहद मजबूत बनाया जा रहा है। ट्रंप ने दावा किया कि यह पूरी तरह “ड्रोन-प्रूफ” होगी। उनके अनुसार, छत को “ड्रोन पोर्ट” की तरह तैयार किया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में ड्रोन तैनात किए जा सकेंगे।

ट्रंप ने बार-बार इस बात पर ज़ोर दिया कि बॉलरूम खुद भूमिगत सुविधाओं और मिलिट्री ढांचे के लिए एक सुरक्षा कवच का काम करेगा। बॉलरूम परिसर को जमीन के नीचे कई मंज़िलों तक फैले एक भूमिगत सुरक्षा ढांचे के साथ जोड़ा गया है। उन्होंने कहा, “यह निर्माण जमीन के नीचे छह मंजिल तक जाएगा। वहां अस्पताल और कई रिसर्च सेंटर बनाए जा रहे हैं।”

ट्रंप का कहना है कि ऊपर बनने वाला बॉलरूम नीचे मौजूद इन सभी सुरक्षा और सैन्य सुविधाओं को सुरक्षा कवच की तरह ढककर रखेगा। उन्होंने इमारत में इस्तेमाल होने वाली सामग्री का भी जिक्र किया। ट्रंप ने कहा कि इसमें बेहद मजबूत स्टील और करीब चार इंच मोटे विशेष कांच लगाए जाएंगे, जो लगभग हर तरह के हमले को झेल सकते हैं।

उन्होंने कहा, “यह कांच करीब चार इंच मोटा होगा और लगभग हर चीज को रोक सकता है।” सुरक्षा कारणों से एयर कंडीशनिंग और वेंटिलेशन सिस्टम को भी इमारत के अंदर ही रखा जाएगा, ताकि हवा की गुणवत्ता से जुड़ी किसी तरह की छेड़छाड़ न हो सके।

ट्रंप ने बॉलरूम की डिजाइन की तुलना प्राचीन ग्रीक और रोमन वास्तुकला से की। उन्होंने कहा कि इसकी बाहरी बनावट को तैयार करने में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट की इमारत से भी प्रेरणा ली गई है।

राष्ट्रपति ने कहा कि बढ़ी हुई सैन्य जरूरतों के बावजूद, यह प्रोजेक्ट तय समय से पहले चल रहा है। उन्होंने अनुमान लगाया कि निजी दानदाताओं और कंपनियों ने इस प्रोजेक्ट के लिए "लगभग 400 मिलियन डॉलर" का योगदान दिया है।

उन्होंने दावा किया कि यह बॉलरूम व्हाइट हाउस में एक लंबे समय से चली आ रही लॉजिस्टिकल समस्या का समाधान करेगा, जहां अक्सर बड़े कार्यक्रम साउथ लॉन पर लगाए गए अस्थायी टेंट में आयोजित किए जाते हैं।

बता दें कि व्हाइट हाउस ऐतिहासिक रूप से बड़े राजकीय कार्यक्रमों, प्रेस डिनर और औपचारिक समारोहों के लिए अस्थायी ढांचों पर निर्भर रहा है।

--आईएएनएस

एएस/

Share:

Leave A Reviews

Related News