Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

त्रिपुरा में जब्त नशीले पदार्थों से छेड़छाड़ का मामला, इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मी गिरफ्तार


अगरतला, 25 मई (आईएएनएस)। त्रिपुरा पुलिस ने खोवाई जिले में जब्त किए गए नशीले पदार्थों के साथ कथित छेड़छाड़ और अनियमितताओं के मामले में एक इंस्पेक्टर और एक महिला सब-इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अगरतला, 25 मई (आईएएनएस)। त्रिपुरा पुलिस ने खोवाई जिले में जब्त किए गए नशीले पदार्थों के साथ कथित छेड़छाड़ और अनियमितताओं के मामले में एक इंस्पेक्टर और एक महिला सब-इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

गिरफ्तार पुलिसकर्मियों में इंस्पेक्टर अजीत देबबर्मा, सब-इंस्पेक्टर राजेंद्र रियांग और संपा दास, तथा असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (स्पेशल ब्रांच) सचिंद्र देबबर्मा शामिल हैं। सभी आरोपी खोवाई जिले में तैनात थे। इंस्पेक्टर अजीत देबबर्मा तेलियामुरा पुलिस स्टेशन में सेकेंड ऑफिसर-इन-चार्ज के पद पर कार्यरत थे।

अधिकारियों के अनुसार, 20 मई को नियमित गश्त के दौरान तेलियामुरा पुलिस स्टेशन की टीम ने एक वाहन को रोका था, जिसमें प्रतिबंधित कोडीन आधारित ‘एस्कुफ’ कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद हुई थी। इस सिरप का अक्सर नशीले पदार्थ के रूप में दुरुपयोग किया जाता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वाहन में 100-100 मिलीलीटर की 6,000 से अधिक बोतलें थीं। बाद में तेलियामुरा पुलिस स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा में पता चला कि औपचारिक जब्ती और रिकॉर्डिंग प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही बरामद खेप का बड़ा हिस्सा जनरल ड्यूटी रूम से हटा दिया गया था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर 100-100 मिलीलीटर की करीब 245 बोतलें बेईमानी से हटाकर छिपा दी थीं। यह मात्रा एनडीपीएस एक्ट के तहत ‘कॉमर्शियल क्वांटिटी’ की श्रेणी में आती है।

एस्कुफ कफ सिरप में कोडीन फॉस्फेट और ट्रिप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड जैसे तत्व पाए जाते हैं, जिनका भारत, बांग्लादेश और अन्य देशों में नशीले पदार्थ के रूप में दुरुपयोग किया जाता है।

अधिकारी ने बताया कि जब्ती अधिकारी ने पूरी खेप का सही हिसाब औपचारिक प्रक्रिया में दर्ज नहीं किया। मामला सामने आते ही आपराधिक केस दर्ज कर निष्पक्ष जांच शुरू कर दी गई।

उन्होंने बताया कि विभागीय कार्रवाई के तहत चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। सभी आरोपियों को सोमवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस रिमांड की मांग की गई।

त्रिपुरा पुलिस ने कहा है कि भ्रष्टाचार और पुलिसकर्मियों द्वारा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी के प्रति उसकी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति है और मामले की निष्पक्ष तथा तेजी से जांच की जा रही है।

अधिकारी ने बताया कि त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक अनुराग के निर्देश पर तेलियामुरा पुलिस स्टेशन में हुई इस घटना के बाद भारतीय न्याय संहिता, 2023 और नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट, 1985 के तहत केस दर्ज किए गए हैं।

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी त्रिपुरा के धलाई जिले में एक महिला द्वारा घर में भारी मात्रा में नकदी दिखाने वाला वीडियो वायरल होने के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था और तीन अन्य को निलंबित किया गया था। गिरफ्तार लोगों में पुलिसकर्मी, स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी और एक पुलिस कांस्टेबल की पत्नी शामिल थी।

--आईएएनएस

डीएससी

Share:

Leave A Reviews

Related News