
शहडोल जिले के सोहागपुर स्थित धुरवार एकलव्य आदर्श आवासीय स्कूल से कक्षा 11वीं के दो छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। बुधवार सुबह उपस्थिति दर्ज करते समय दोनों छात्रों के गायब होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद छात्रावास प्रबंधन ने तत्काल पुलिस और उच्च अधिकारियों को सूचना दी।
वार्डन अरुण कुमार के अनुसार, मंगलवार रात की गिनती के दौरान सभी छात्र अपने कमरों में मौजूद थे, लेकिन बुधवार सुबह दोबारा गिनती में दो छात्र कम पाए गए। छात्रावास परिसर में सुरक्षा गार्ड तैनात होने और मुख्य गेट बंद रहने के बावजूद छात्रों के गायब होने से हड़कंप मच गया है।
इस घटना के बाद छात्रों के परिजनों ने छात्रावास प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। अभिभावकों का कहना है कि सख्त सुरक्षा व्यवस्था के दावों के बावजूद इस तरह की घटना सुरक्षा में बड़ी चूक को दर्शाती है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी इसी छात्रावास से एक छात्रा लापता हो चुकी है, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
सोहागपुर थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि गुमशुदगी का मामला दर्ज कर पुलिस टीमों को छात्रों की तलाश में लगा दिया गया है। वहीं ट्राइबल विभाग के सहायक आयुक्त आनंद राय सिन्हा ने मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि छात्रों की जल्द तलाश कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।
Leave A Reviews