
उमरिया जिले ने कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर ऐतिहासिक गौरव हासिल किया है। 'प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना' (पीएमडीडीकेवाई) के प्रभावी क्रियान्वयन और कृषि विकास से जुड़े प्रमुख संकेतकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उमरिया ने पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित भव्य राष्ट्रीय समारोह में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उमरिया कलेक्टर राखी सहाय को प्रशस्ति पत्र और राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के नई दिल्ली स्थित एनएएससी कॉम्प्लेक्स में इस राष्ट्रीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। केंद्र सरकार द्वारा संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना के एक वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न राज्यों के चयनित जिलों के प्रदर्शन की समीक्षा के आधार पर यह सम्मान दिया गया। उमरिया जिले को यह राष्ट्रीय उपलब्धि केंद्र व राज्य प्रवर्तित कृषि कल्याणकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन, किसानों तक आधुनिक तकनीक पहुंचाने और उत्पादन में सुधार लाने के लिए प्रदान की गई है।
कलेक्टर राखी सहाय के कुशल नेतृत्व और उपसंचालक कृषि संग्राम सिंह मरावी के तकनीकी मार्गदर्शन में जिले के कृषि अमले ने मैदानी स्तर पर ठोस कार्ययोजना लागू की थी। परंपरागत कृषि पद्धतियों के स्थान पर उन्नत बीजों, जैविक व प्राकृतिक खेती के विस्तार और जल संवर्धन के उपायों ने जिले को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित किया। योजना के तहत डैशबोर्ड पर दर्ज मासिक प्रगति में जिला निरंतर अग्रणी बना रहा, जिसका परिणाम इस राष्ट्रीय पुरस्कार के रूप में सामने आया।
नई दिल्ली में आयोजित इस गरिमामय सम्मान समारोह में उमरिया जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ कृषि विशेषज्ञ और कृषक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. धनंजय सिंह, सहायक संचालक कृषि डॉ. कुलदीप शर्मा और जिले के प्रगतिशील किसान रूपचंद पंचतिलक विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस उपलब्धि पर जिले के किसानों और प्रशासनिक हलकों में हर्ष का माहौल है।
Leave A Reviews