
पुणे रेलवे स्टेशन पहुंचने से ठीक पहले वंदे भारत एक्सप्रेस (मुंबई-सोलापुर रूट) का एक कोच पटरी से उतर गया। यह घटना सोमवार शाम करीब 7:30 बजे हुई, जब ट्रेन स्टेशन में प्रवेश कर रही थी। राहत की बात यह रही कि ट्रेन की रफ्तार बेहद कम थी, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन (नंबर 22225) मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से सोलापुर जा रही थी। इसी दौरान एक डायमंड क्रॉसिंग पर कोच का एक पहिया पटरी से उतर गया। डायमंड क्रॉसिंग वह बिंदु होता है जहां दो रेलवे ट्रैक एक-दूसरे को काटते हैं। फिलहाल इस क्रॉसिंग को यार्ड रीमॉडलिंग के तहत अपग्रेड किया जा रहा है।
हादसे के बाद प्रभावित कोच के यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। यात्रियों को अपना सामान लेकर नजदीकी प्लेटफॉर्म तक पैदल जाते देखा गया। रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और तकनीकी कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Leave A Reviews