Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

विजयी एयरफोर्स टीम व ‘समुद्र प्रदक्षिणा’ करने वाले महिला दल से मिले वायुसेना प्रमुख


नई दिल्ली, 28 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने वायुसेना की हॉकी टीम से मुलाकात कर उन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी है। यह टीम मार्शल ऑफ द एयर फोर्स अर्जन सिंह मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट 2026 के सातवें संस्करण की विजेता है।

नई दिल्ली, 28 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने वायुसेना की हॉकी टीम से मुलाकात कर उन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी है। यह टीम मार्शल ऑफ द एयर फोर्स अर्जन सिंह मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट 2026 के सातवें संस्करण की विजेता है।

वायुसेना प्रमुख ने मंगलवार को हॉकी टीम से मुलाकात कर उन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। इस अवसर पर वायुसेना प्रमुख ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि यह जीत भारतीय वायुसेना के लिए गर्व का विषय है और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, समर्पण तथा पेशेवर दृष्टिकोण का परिणाम है।

वायुसेना प्रमुख की इस मुलाकात ने खिलाड़ियों को मैदान के भीतर और बाहर दोनों जगह भारतीय वायुसेना की गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय वायुसेना की हॉकी टीम आने वाले वर्षों में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सफलता का सिलसिला जारी रखेगी और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। मार्शल ऑफ द एयर फोर्स अर्जन सिंह मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट भारतीय वायुसेना के महान योद्धा और भारत के पहले तथा अब तक के एकमात्र मार्शल ऑफ द एयर फोर्स अर्जन सिंह की स्मृति में आयोजित किया जाता है।

यह प्रतियोगिता सशस्त्र बलों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, प्रतिभाओं को निखारने और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण मंच मानी जाती है। एक अन्य आयोजन में मंगलवार को भारतीय वायुसेना प्रमुख, विश्व परिक्रमा करने वाली महिला अधिकारियों से मुलाकात की। दरअसल, भारतीय महिला सैन्य अधिकारियों ने अपनी इस यात्रा के जरिए एक इतिहास रचा है। 22 जुलाई को यह अभियान पूरा होने पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने विश्व परिक्रमा नौकायन करने वाली सैन्यकर्मियों को संबोधित किया था। विश्व परिक्रमा नौकायन के इस अभियान को पूरी तरह से तीनों सेनाओं की महिला कर्मियों ने अंजाम दिया है।

भारतीय सेना, नौसेना और वायु सेना की महिला अधिकारियों ने एक ध्वज के तले यह अभियान पूरा किया है। ऐतिहासिक ‘समुद्र प्रदक्षिणा’ अभियान को आईएएसवी त्रिवेणी की मदद से नौ सदस्यीय महिला टीम ने पूरा किया है। भारतीय वायुसेना प्रमुख, एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह ने उन्हें बधाई दी। इस दल की कुल नौ महिला अधिकारियों में भारतीय वायुसेना की चार, भारतीय सेना की चार और भारतीय नौसेना की एक अधिकारी थीं।

तीनों सेनाओं के इस संयुक्त दल ने 314 दिनों में लगभग 25,500 समुद्री मील की यात्रा पूरी करते हुए चार महासागरों का सफलतापूर्वक चक्कर लगाया। यह अभियान ‘समुद्र प्रदक्षिणा’ के नाम से आयोजित किया गया था, जिसे तीनों सेनाओं की महिलाओं द्वारा किया गया ऐतिहासिक वैश्विक समुद्री परिक्रमा अभियान माना जा रहा है। कठिन समुद्री परिस्थितियों, बदलते मौसम और लंबी अवधि की चुनौतियों के बावजूद दल ने पूरे अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया।

एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह ने इस उपलब्धि को देश के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि इस दल ने अपने साहस, धैर्य, अनुशासन और उत्कृष्ट पेशेवर क्षमता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि अभियान ने न केवल भारत का सम्मान बढ़ाया है, बल्कि तीनों सेनाओं के बीच समन्वय और संयुक्त कार्य संस्कृति की उत्कृष्ट मिसाल भी पेश की है।

--आईएएनएस

जीसीबी/डीकेपी

Share:

Leave A Reviews

Related News