
पन्ना। जिले के राम नगर में खेत जाते समय जंगली सुअर ने 60 वर्षीय किसान पर हमला कर दिया। घटना में मनन आदिवासी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जंगली सुअर को भगाकर उन्हें बचाया। घायल किसान को जिला अस्पताल पन्ना में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, राम नगर निवासी मनन आदिवासी तड़के अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में जंगली सुअर ने उन पर हमला कर दिया। किसान की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने जंगली सुअर को भगाने और किसान को बचाने की कोशिश की। कुछ देर बाद सुअर वहां से भाग गया।
हमले में मनन आदिवासी के हाथ, दोनों पैर, कमर और सिर में चोटें आई हैं। ग्रामीण उन्हें जिला अस्पताल पन्ना लेकर पहुंचे, जहां भर्ती कर उनका उपचार शुरू किया गया।
अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर सुधीर सिंह चौहान ने बताया कि किसान को गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है। साथ ही घायल किसान को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।
Leave A Reviews