Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

CM मोहन यादव बोले- सरकार को मनाना आसान नहीं, भोपाल में नई रिसर्च लैब का लोकार्पण


भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को सरकारी व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर चुटकी लेते हुए कहा कि सरकार को समझाना और मनाना आसान काम नहीं है। सरकारी व्यवस्था में कई तरह की उलझनें होती हैं। यदि सरकार आसानी से मान जाए तो फिर सरकार ही क्या है। हालांकि, उन्होंने कहा कि तमाम चुनौतियों के बावजूद प्रदेश में नवाचार और शोध से जुड़ी परियोजनाएं अब धरातल पर उतर रही हैं।

मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) परिसर में देश की तीसरी अत्याधुनिक 'डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला' और गैलरी के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सह-सरकार्यवाह सुरेश सोनी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर कॉफी टेबल बुक 'महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम' का विमोचन भी किया गया।

10 लाख साल पुराने अवशेषों की हो सकेगी वैज्ञानिक जांच

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह प्रयोगशाला लगभग 10 लाख साल तक पुराने अवशेषों और घटनाओं की वैज्ञानिक जांच करने में सक्षम है। इस तकनीक से प्राचीन सभ्यताओं के कालखंड, मानव विकास की परंपरा और उस समय की जलवायु परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि जमीन में दबे अवशेषों ने आखिरी बार सूर्य की रोशनी कब ग्रहण की थी, इसका वैज्ञानिक आकलन भी ल्यूमिनेसेंस डेटिंग तकनीक से किया जा सकता है। इससे पुरातात्विक महत्व के अवशेषों की आयु निर्धारित करने और इतिहास से जुड़े तथ्यों को समझने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने पद्मश्री डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद पुरातत्व के क्षेत्र में देश-दुनिया में पहचान बनाई। भीमबेटका जैसी ऐतिहासिक धरोहर को सामने लाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नाम पर प्रयोगशाला स्थापित करना उनके शोध और कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास है।

भोपाल बनेगी नॉलेज सिटी, उज्जैन को साइंस सिटी बनाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने स्पेस टेक पॉलिसी लॉन्च की है। प्रदेश में डीप टेक रिसर्च पार्क विकसित करने के लिए करीब 100 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। उज्जैन को धार्मिक और औद्योगिक नगरी के साथ साइंस सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है, जबकि भोपाल को नॉलेज सिटी बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि विक्रमादित्य शोध पीठ को जल्द ही विक्रमादित्य अकादमी का स्वरूप दिया जाएगा। प्रदेश के विश्वविद्यालयों और आईआईटी के सहयोग से खगोल विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में शोध को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से शोध परियोजनाओं को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

शोध का लाभ उद्योग और आम लोगों तक पहुंचे: सुरेश सोनी

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सह-सरकार्यवाह सुरेश सोनी ने प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान के समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित डीप टेक रिसर्च पार्क के चार टावरों के नाम भारतीय मनीषियों के नाम पर रखे गए हैं।

इनमें खगोल विज्ञान से जुड़े टावर का नाम वराहमिहिर, ज्ञान परंपरा से जुड़े टावर का नाम सांदीपनि, कृषि क्षेत्र के टावर का नाम बलराम और आधुनिक तकनीक से जुड़े टावर का नाम आर्यभट्ट रखा गया है।

सोनी ने कहा कि शोध का उद्देश्य केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उसका लाभ आम समाज और उद्योगों तक पहुंचना जरूरी है। इसके लिए शोध को 'लैब से लैंड' तक ले जाने की आवश्यकता है, ताकि वैज्ञानिक अनुसंधान का व्यावहारिक उपयोग हो सके।

उज्जैन को फिर वैश्विक काल गणना केंद्र बनाने की बात

सुरेश सोनी ने उज्जैन के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि प्राचीन समय में यह शहर काल गणना का प्रमुख केंद्र था। औपनिवेशिक काल में यह केंद्र ग्रीनविच चला गया। उन्होंने उज्जैन को फिर वैश्विक काल गणना के केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम करने की जरूरत बताई।

उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को केवल आस्था या भावना के आधार पर नहीं, बल्कि तर्क, तथ्यों और वैज्ञानिक प्रयोगों के माध्यम से प्रमाणित किया जाना चाहिए।

पुरातत्वविद् नारायण जी व्यास का अभिनंदन, एमओयू भी हुए

कार्यक्रम में पद्मश्री पुरातत्वविद् नारायण जी व्यास का अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही विभिन्न संस्थानों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी किए गए। कार्यक्रम में विज्ञान, तकनीक, पुरातत्व और भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े शोध को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

Date & Time : 2026-11-23 09:47:22

Share:

Leave A Reviews

Related News