
पन्ना। पन्ना टाइगर रिजर्व के अमानगंज बफर क्षेत्र में विस्थापित गांव गहदरा के पास 11 साल का नर बाघ घायल अवस्था में मिला। बाघ की दोनों आंखों के बीच गहरा घाव था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसका रेस्क्यू किया और इलाज शुरू कराया।
शनिवार, 14 नवंबर को वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम ने बाघ को ट्रैंक्युलाइज कर उसकी सर्जरी की। इसके बाद उसे आगे के उपचार और देखरेख के लिए बड़ौर स्थित वन्यप्राणी चिकित्सालय में रखा गया है। वन विभाग की टीम उसकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
पन्ना टाइगर रिजर्व के वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गुप्ता की देखरेख में डॉक्टरों की टीम घायल बाघ का उपचार कर रही है। चिकित्सक उसके घाव और स्वास्थ्य की स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहे हैं।
टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर बीरेंद्र कुमार पटेल ने बताया कि घायल बाघ की पहचान पी-243 के रूप में हुई है। वह बाघिन टी-2 की संतान है। फिलहाल बाघ को चिकित्सालय में रखकर आगे का इलाज किया जा रहा है।
पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या बढ़ाने के लिए वर्ष 2009 में बाघ पुनर्स्थापना कार्यक्रम शुरू किया गया था। इसी कार्यक्रम के तहत बाघिन टी-2 को कान्हा टाइगर रिजर्व से पन्ना लाया गया था। घायल बाघ पी-243 इसी बाघिन की संतान है।
बाघ के रेस्क्यू अभियान में सहायक संचालक, गंगऊ और हिनौता के परिक्षेत्र अधिकारियों सहित वन विभाग के मैदानी अमले ने हिस्सा लिया।
पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने आसपास के ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल या उसके आसपास कोई वन्यजीव घायल अथवा बीमार अवस्था में दिखाई दे तो उसके पास जाने या उसे छूने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीव को सुरक्षित तरीके से उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
Leave A Reviews