
बालाघाट जिले के लांजी थाना क्षेत्र के सोगलपुर गांव में शनिवार को 80 वर्षीय बुजुर्ग का अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान डूडेश्वर पिता टीकाराम खोब्रागढ़े के रूप में हुई है। उनका शव घर के एक कमरे के कोने में मिला। पुलिस हत्या, हादसे और आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह डूडेश्वर की बेटी अनुसुईया बाघमारे उनके लिए चाय-नाश्ता लेकर घर पहुंचीं। उस समय पिता घर में दिखाई नहीं दिए। इसके बाद वह चाय-नाश्ता रखकर वापस लौट गईं। कुछ देर बाद जब वह दोबारा घर पहुंचीं तो दूसरे कमरे के कोने में पिता का अधजला शव पड़ा देखा। यह देखकर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली।
घटना की सूचना मिलने पर लांजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए बालाघाट से फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी बुलाई गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए लांजी अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

घटनास्थल पर शव के पास कपड़े या बिस्तर जलने के निशान मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कमरे में आग किन परिस्थितियों में लगी और बुजुर्ग की मौत किस तरह हुई।
बेटी अनुसुईया बाघमारे के मुताबिक, घटना के बाद उनके छोटे भाई अनिल खोब्रागड़े वाहन लेकर घर से निकल गए थे। हालांकि, पुलिस ने इस जानकारी के आधार पर कोई निष्कर्ष नहीं बताया है। फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
लांजी थाना प्रभारी घनश्याम बैरागी ने बताया कि बुजुर्ग का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में कुछ कहा जा सकेगा।
Leave A Reviews