
डिंडौरी जिले के सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चांदपुर गांव के आवास टोला में रविवार दोपहर एक 21 वर्षीय युवक ने रसोई में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान राम किशोर वनवासी के रूप में हुई है। घटना के समय उसके छोटे भाई और जीजा ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन जब तक उसे नीचे उतारा गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
मृतक के पिता मिहीलाल वनवासी ने बताया कि परिवार मजदूरी करके जीवन यापन करता है। राम किशोर ने 12वीं तक पढ़ाई की थी और कंप्यूटर कोर्स भी किया था, लेकिन वह लंबे समय से घर पर ही रह रहा था। घटना के दिन माता-पिता गांव में कीर्तन में गए हुए थे और छोटा भाई घर पर मौजूद था।
परिजनों के अनुसार युवक मोबाइल पर ऑनलाइन गेम 'फ्री फायर' खेलने का आदी हो चुका था। पिता ने बताया कि वह अधिकतर समय मोबाइल में व्यस्त रहता था, हालांकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
फांसी लगाने से पहले युवक ने अपने मोबाइल पर लगभग 19 सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में उसने अपने छोटे भाई से माता-पिता का ध्यान रखने की बात कही और एक डिब्बे में रखे 6 हजार रुपए निकालने का भी उल्लेख किया। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है और वीडियो की जांच की जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी संभावित कारणों की जांच शुरू कर दी है। मोबाइल डेटा, वीडियो और पारिवारिक बयान के आधार पर मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
Leave A Reviews