
उमरिया। जिले में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब स्टेट हाईवे-10 पर दौड़ रही एक कार अचानक आग का गोला बन गई। यह घटना मानपुर-बरही मार्ग पर मझौली के पास पुलिया के करीब हुई, जहां चलते-चलते कार से धुआं उठना शुरू हुआ और कुछ ही पलों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, कार चालक अमरपुर क्षेत्र के डिघिया गांव का निवासी था और अपने घर की ओर लौट रहा था। जैसे ही उसे कार से धुआं निकलता दिखाई दिया, उसने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। उसकी इस समझदारी ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया, लेकिन कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।
घटना के दौरान हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर जलती कार को देखकर राहगीरों में दहशत फैल गई और कई वाहन चालक बीच रास्ते से ही वापस लौट गए। कुछ देर के लिए हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात बाधित हो गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट इसकी वजह हो सकता है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और स्थिति अब सामान्य हो चुकी है।
Leave A Reviews