
छतरपुर। जिले से एक दिल दहला देने वाली और इंसानियत की मिसाल पेश करने वाली घटना सामने आई है। ओरछा रोड थाना क्षेत्र के सौंरा गांव में एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी जान की परवाह किए बिना एक किशोरी की जिंदगी बचा ली, लेकिन इस बहादुरी में उन्होंने अपनी जान गंवा दी।
घटना रविवार रात की बताई जा रही है, जब रामचरण अहिरवार की 15 वर्षीय बेटी मानसी अचानक गांव के एक कुएं में गिर गई। बच्ची के कुएं में गिरने की खबर मिलते ही आसपास मौजूद किशन अहिरवार तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के कुएं में कूद पड़े।
किशन ने अद्भुत साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बच्ची को संभाला और किसी तरह उसे ऊपर की ओर रस्सी तक पहुंचा दिया। ऊपर खड़े ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, इस पूरे प्रयास में किशन खुद कुएं से बाहर नहीं निकल सके।
जब काफी देर तक किशन दिखाई नहीं दिए, तो ग्रामीणों ने भी कुएं में उतरकर उन्हें तलाशा। कुछ समय बाद उन्हें बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं बचाई गई किशोरी भी गहरे सदमे में है। ग्रामीणों ने किशन अहिरवार के साहस को सलाम करते हुए उन्हें ‘सच्चा हीरो’ बताया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Leave A Reviews