
कटनी। जिले में एक ओर जहां आम जनता ईंधन की भारी किल्लत और पेट्रोल-डीजल के लिए लंबी कतारों से जूझ रही है, वहीं दूसरी ओर ईंधन संकट के इस दौर में डीजल चोर गिरोह सक्रिय हो गए हैं। ताजा मामला निवार चौकी क्षेत्र के पौनिया रोड का है, जहाँ एक पेट्रोल पंप के सामने खड़े दो हाईवा ट्रकों को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाशों ने लगभग 240 लीटर डीजल चोरी कर लिया। इस घटना ने क्षेत्र के वाहन चालकों और व्यवसायियों के बीच असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।
ताले तोड़कर टंकियां की खाली पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ड्राइवर अखिल पांडे और उनके साथी द्वारका प्रसाद नामदेव 4 मई की रात रीवा के बघवार से बॉक्साइट लोड कर जरवाही पहुंचे थे। यूएसजे कंपनी में माल खाली करने के बाद, उन्होंने अपने दोनों हाईवा ट्रक (क्रमांक MP21ZE5003 और MP21ZE5090) रात करीब 10:30 बजे पौनिया रोड स्थित दुबे पेट्रोल पंप के सामने सुरक्षित खड़े किए और अपने घर चले गए। अगली सुबह जब ड्राइवर वापस लौटे, तो उनके होश उड़ गए। दोनों ट्रकों की डीजल टंकियों के ताले टूटे हुए थे और उनमें मौजूद पूरा डीजल गायब था।
CCTV फुटेज में दिखे बदमाश, पुलिस जांच में जुटी इस पूरी वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें अज्ञात बदमाश पेट्रोल पंप परिसर के पास खड़े वाहनों से डीजल निकालते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, दोनों ट्रकों से कुल 240 लीटर डीजल चोरी हुआ है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 20,000 रुपये है। ट्रक मालिकों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि वीडियो साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की शिनाख्त की जा रही है और संदिग्धों की तलाश में टीमें रवाना कर दी गई हैं। दावा किया जा रहा है कि आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Leave A Reviews