
नरसिंहपुर। जिले के साईंखेड़ा में हुए चर्चित 'वीर जाट हत्याकांड' ने अब एक बड़ा राजनीतिक मोड़ ले लिया है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों में से एक, अरुण पटेल की प्रदेश के दिग्गज भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है और क्षेत्र में रसूख के इस्तेमाल को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
नेताओं के साथ वायरल फोटो से मचा हड़कंप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में आरोपी अरुण पटेल नर्मदापुरम-नरसिंहपुर सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को गुलदस्ता भेंट करते और उनके साथ चर्चा करते हुए दिखाई दे रहा है। एक तस्वीर में वह सांसद के केबिन में बैठकर गंभीर चर्चा करता भी नजर आ रहा है। इन तस्वीरों के आधार पर स्थानीय लोगों और विपक्षी दलों का आरोप है कि आरोपी की पहुंच सत्ता के गलियारों तक थी। हालांकि, अभी तक किसी भी नेता या भाजपा संगठन की ओर से इन तस्वीरों पर कोई सफाई नहीं आई है।
क्या है पूरा मामला? (हत्या की खौफनाक साजिश) यह पूरा मामला साईंखेड़ा थाना क्षेत्र का है, जहाँ राजस्थान निवासी युवक पप्पू उर्फ वीर जाट की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को एक बोरी में पैक कर रायसेन जिले की सीमा में नागन मोड़ स्थित सिरवारा ब्रिज के नीचे फेंक दिया था। बाड़ी पुलिस को मौके से एक थैला और एक नोटबुक मिली थी, जिस पर किए गए हस्ताक्षर की मदद से पुलिस की जांच की सुई आरोपियों तक पहुंची।
बचपन का प्यार और फेसबुक फ्रेंड: हत्या की वजह पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी रीना किरार का पहले अरुण पटेल के साथ प्रेम संबंध था और अरुण ही उसके सभी खर्च उठाता था। इसी बीच रीना की जान-पहचान फेसबुक के माध्यम से राजस्थान के वीर जाट से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। अरुण पटेल को यह रिश्ता नागवार गुजरा और उसने रीना तथा अन्य साथियों के साथ मिलकर 29 अप्रैल को वीर जाट को रास्ते से हटाने की साजिश रची और उसकी हत्या कर दी।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी पुलिस ने इस मामले में रीना किरार, अरुण पटेल, हरनाम सिंह और कन्हैया उर्फ अजय को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया बेसबॉल डंडा और एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया गया है। प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए साईंखेड़ा स्थित आरोपी के घर को सील कर दिया है।
सियासी प्रतिक्रिया इस घटना पर कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय शर्मा ने चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और सरकार को ऐसे अपराधियों की राजनीतिक पहुंच को नजरअंदाज न करते हुए संवेदनशील तरीके से संज्ञान लेना चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
Leave A Reviews