
पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के लक्ष्मीपुर गांव में बुधवार सुबह रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। एक सिरफिरे युवक ने गांव की ही 25 वर्षीय युवती की देशी कट्टे से गोली मारकर और फिर चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात के बाद गुस्साए ग्रामीणों का कानून पर से भरोसा उठ गया और उन्होंने आरोपी युवक व उसके पिता को पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया और उनकी जमकर पिटाई की। पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद पिता-पुत्र को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया है।
घात लगाकर किया हमला, भाई पर भी तानी बंदूक जानकारी के अनुसार, मृतका आरती यादव (25) बुधवार सुबह घर के पीछे गई थी, तभी पहले से घात लगाकर बैठे विनोद यादव (23) ने उस पर हमला कर दिया। युवती के भाई आकाश यादव ने बताया कि विनोद अपने साथ देशी कट्टा और चाकू लेकर आया था। उसने पहले आरती पर फायरिंग की और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। जब आरती की चीख सुनकर आकाश उसे बचाने दौड़ा, तो आरोपी बंदूक की बट से उसे पीट रहा था। आरोपी ने आकाश पर भी गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन संयोगवश गोली नहीं चली।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, खंभे से बांधकर की धुनाई युवती को लहूलुहान हालत में देखकर गांव वालों का गुस्सा फूट पड़ा। भागने की कोशिश कर रहे आरोपी विनोद और उसके पिता भीकम उर्फ बच्चा यादव को भीड़ ने दबोच लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों को बिजली के खंभे से बांध दिया और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से उनकी जमकर पिटाई की। सूचना मिलते ही पन्ना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम घायल आरती को तत्काल पन्ना जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत और अत्यधिक रक्तस्राव को देखते हुए रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, अस्पताल पहुँचने से पहले ही आरती ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पन्ना कोतवाली टीआई रोहित मिश्रा ने बताया कि आरोपी का परिवार पिछले 10 वर्षों से गांव में खेती कर रहा था; हत्या के पीछे के असल कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
Leave A Reviews